Bikaner Live

श्रीअन्न’ की समझें महत्ता, थाली में दें ‘मिलेट्स’ को स्थान, ‘आहार से उपचार’ की अवधारणा को करें साकारः श्री मेघवाल

soni

खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय व स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित हुआ ‘ईट राईट मिलेट्स’ मेला, केन्द्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन-स्टाॅल्स का किया अवलोकन

बीकानेर, 18 फरवरी। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सदियों से मोटा अनाज हमारे खान-पान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। देखा-देखी सहित कई अन्य कारणों से हम इससे दूर होते रहे, जिससे हमारा शरीर कई बीमारियों से ग्रसित हो गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मोटे अनाज (मिलेट्स) को ‘श्रीअन्न’ की संज्ञा देते हुए इसके महत्त्व को घर-घर तक पहुंचाया है। हमें एक बार फिर इसकी महत्ता समझनी होगी और थाली में मोटे अनाज को स्थान देना होगा। उन्होंने कहा कि यह ‘आहार से उपचार’ की अवधारणा को साकार करने में सहायक है।

श्री मेघवाल ने बुधवार को सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज परिसर में आयोजित ‘ईट राइट मिलेट्स’ मेला के उद्घाटन समारोह के दौरान यह उद्गार व्यक्त किए। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय व स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में श्री मेघवाल ने कहा कि बाजरा, मक्का, ज्वार, रागी आदि मोटे अनाज विटामिन और फाइबर से भरपूर हैं। यह हमारे शरीर की पोषण संबंधी सभी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के देश में भरपूर मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है, लेकिन आज सही खान-पान की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों की बदौलत आमजन में जागरुकता आएगी।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का अत्यंत महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री ने हमारे पूर्वजों की विरासत को समझते हुए, इसे आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर की स्थापना से आज तक प्रत्येक स्थापना दिवस पर ‘बाजरे का खीचड़ा’ बनाने की परम्परा है, क्योंकि हमारे पूर्वज बाजरे की पोष्टिकता को समझते थे। उन्होंने आह्वान किया कि सभी एक बार फिर ‘मिलेट्स’ की ओर बढ़ें। इससे पहले उन्होंने मेले का उद्घाटन किया। मेले में लगाए गए सभी 16 स्टाॅल्स का अवलोकन किया। केन्द्रीय मंत्री ने मिलेट्स के विभिन्न उत्पादों को चखा और इनकी सराहना की।

चिकित्सा एवं स्वाथ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकारें मिलेट्स अपनाने का आह्वान कर रही हैं तथा ऐसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमजन इसे समझें और मिलेट्स अपनाएं।

सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुरेन्द वर्मा ने मिलेट्स में प्रभावी रोग प्रतिरोधक क्षमता होती है। इनका उपयोग स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने बताया कि जिले की नई फूड लैब जल्द ही बनकर तैयार होने वाली है। जहां आर्गेनिक उत्पादों का परीक्षण हो पाएगा।

इससे पहले जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डाॅ. चंद्रशेखर मोदी ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज हम संचारी से गैर-संचारी रोगों की ओर बढ़ रहे हैं। इनकी रोकथाम में मिलेट्स की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है।

प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी उर्मिला भादू ने मिलेट्स के महत्त्व के बारे में बताया। माने खां एंड टीम द्वारा कठपुतली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रीअन्न की जानकारी दी गई। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार, राकेश गोदारा व समस्त प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सहित विभागीय टीम को सम्मानित किया। मिलेट्स से संबंधित प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिनके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

इस दौरान श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामगोपाल सुथार,  पीबीएम अधीक्षक डाॅ. बी.सी. घीया, श्री चम्पालाल गेदर, डाॅ. सत्यप्रकाश आचार्य, श्री अशोक प्रजापत, नर्सिंग स्कूल प्राचार्य डॉ अब्दुल वाहिद,  बीएससी नर्सिंग प्रिंसिपल घनश्याम जांगिड़, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा, डॉ लोकेश गुप्ता, समस्त ब्लॉक सीएमओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राजकीय बीएससी नर्सिंग कॉलेज तथा जीएनएम स्कूल के विद्यार्थी आशा सहयोगिनियां और आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग अधिकारी महिपाल चौधरी व सुनील सेन ने किया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!