बीकानेर। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा और बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बीकानेर रेंज के युवा सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं से अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने गए। उन्हें पुलिस के साथ समन्वय और सहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और चूरू पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद सहित रेंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा सदस्य शामिल हुए।














