
एनआरसीसी द्वारा कोटड़ी में पशु स्वास्थ्य शिविर एवं कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम

बीकानेर 27 मार्च 2023 । भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर द्वारा आज गांव कोटड़ी में अनुसूचित जाति उपयोजना तहत पशु स्वास्थ्य शिविर एवं कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। 81 पशुपालकों ने अपने पशुओं यथा- गाय-84, भेड़-132, बकरी-204 व ऊँट 06 सहित केन्द्र की इस गतिविधि का लाभ उठाया ।
पशु पालकों से बातचीत करते हुए केन्द्र निदेशक डॉ. आर्तबन्धु साहू ने कहा कि भारत सरकार की यह योजना महत्वपूर्ण है, तथा योजना के तहत समुदायों के समाजार्थिक स्तर में अपेक्षित सुधार लाने हेतु केन्द्र, प्रशिक्षण, पशु स्वास्थ्य शिविर, किसान परिचर्चा आदि का आयोजन करता है। उन्होंने संस्थान के साथ निरन्तर जुड़े रहने एवं उपलब्धियों का अधिकाधिक लाभ उठाने हेतु पशुपालकों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया।
उप योजना के नोडल अधिकारी डॉ. आर.के.सावल, प्रधान वैज्ञानिक ने पशु पालकों को संतुलित आहार के महत्व व स्वच्छ दूध उत्पादन संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में पशु पौष्टिक आहार के रूप में खेजड़ी, नीम, बेरी आदि की पत्तियां खिलाने पर स्वस्थ रहते हैं अपितु उनसे श्रेष्ठ उत्पादन लिया जा सकता है।
केन्द्र के डॉ. काशीनाथ, पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुओं के अच्छे स्वास्थ्य एवं अधिक उत्पादन हेतु पशुओं में अंतः एवं बाह्य परजीवियों से बचाव एवं उपचार हेतु दवा एवं खनिज मिश्रण के महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। श्री मनजीत सिंह ने पशुपालकों के पंजीयन, पशु आहार वितरण आदि कार्यों में सहयोग किया। शिविर में लाए गए पशुओं में कृमि नाशक दवा, केन्द्र में निर्मित पशुओं के पौष्टिक आहार (संतुलित पशु आहार) व खनिज मिश्रण का वितरण किया गया। इस शिविर के दौरान केन्द्र की ऊँट उत्पाद प्रसंस्करण उपयोग और प्रशिक्षण इकाई से कोटड़ी गांव की जुड़ी महिलाओं द्वारा ऊँट व भेड़ की ऊन से बने उत्पाद (धागे) नमूने के तौर पर केन्द्र को सौंपे गए ।














