
बीकानेर, केईएम रोड स्थित एक मार्केट में सोमवार देर रात आग लग गई। आग एक जूतों की दुकान में लगी, जिस पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात लोगों को मिलन ट्रैवल्स के पास धुआं उठता दिखाई दिया, धीरे-धीरे ये धुआं आग में बदल गया। तेज लपटें अंडर ग्राउंड से बाहर तक दिखाई देने लगी। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। इससे पहले आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आग इतनी तेज थी कि लोग आसपास भी नहीं पहुंच सके। थोड़ी देर में कोटगेट पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंच गई, जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग रात करीब 9 बजे लगी। ये आग सहल पैलेस के अंडर ग्राउंड में लगी, जहां जूतों की दुकान राजस्थान मोजड़ी शॉप से आग की लपटें निकली। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है और आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।




























