

बीकानेर, 17 अप्रैल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देशनोक में शुक्रवार को खंड स्तरीय मासिक मंथन एवं समीक्षा बैठक का आयोजन उपखंड अधिकारी महिमा कसाना की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में एसडीएम महोदया ने खंड के अंतर्गत संचालित सभी चिकित्सा संस्थानों में राज्य सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आगामी हीट वेव (लू) के मद्देनज़र सभी संस्थानों में ओआरएस, जिंक टैबलेट एवं आईवी फ्लूड जैसी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
*मुख्यालय पर उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई:*
अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम महिमा कसाना ने फील्ड में कार्यरत समस्त कार्मिकों को अपने-अपने मुख्यालय पर निवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यालय से अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता बढ़ाने हेतु एनजीओ एवं स्थानीय इन्फ्लुएंसर्स की सहायता लेने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर किशोर सिंह ने उपस्थित हेल्थ केयर वर्कर्स एवं एनजीओ प्रतिनिधियों को एचपीवी वैक्सीनेशन की तकनीकी बारीकियों पर प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
*आकांक्षी ब्लॉक के लक्ष्यों और टीबी उन्मूलन पर चर्चा:*
डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. योगेंद्र तनेजा ने विभागीय लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए अप्रैल माह से ही शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर जोर दिया। डीटीओ डॉ. चंद्र शेखर मोदी ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति जांची। बीसीएमओ डॉ. सुनील कुमार जैन ने बताया कि बीकानेर ब्लॉक को ‘आकांक्षी ब्लॉक’ घोषित किया गया है, अतः सभी कार्मिकों को निर्धारित इंडिकेटर्स पर उत्कृष्ट कार्य करना होगा। बीपीओ ऋषि कल्ला ने पोर्टल्स पर समयबद्ध डेटा एंट्री और देशनोक प्रभारी डॉ. विजयंत निर्वाण ने सेक्टर स्तर की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में सभी चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, सीएचओ, पीएचसी स्टाफ, हेल्थ सुपरवाइजर एवं एएनएम उपस्थित रहे।
















