Bikaner Live

एफडीपी के तीसरे दिन सीबीसीएस एवं एनईपी पर हुआ विस्तृत व्याख्यान


राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में IQAC के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तीसरे दिन रामपुरिया जैन महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्रमुख वक्ता डॉ. पंकज जैन ने “चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS)” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ डॉ. असित गोस्वामी द्वारा अतिथि एवं प्रमुख वक्ता डॉ. पंकज जैन के स्वागत तथा माँ सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं पूजन के साथ किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रजनी रमन झा ने अपने उद्बोधन में आज के व्याख्यान के विषय “चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS)” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान उच्च शिक्षा व्यवस्था में क्रेडिट आधारित शिक्षा प्रणाली की समझ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रमुख वक्ता डॉ. पंकज जैन का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें महाविद्यालय की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।इसके पश्चात डॉ. पंकज जैन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) एवं चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने व्याख्यान में उन्होंने सेमेस्टर प्रणाली, सतत मूल्यांकन, क्रेडिट पॉइंट्स, ग्रेडिंग पद्धति तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख लाभों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति से संबंधित विभिन्न आधारभूत पारिभाषिक शब्दों से प्रतिभागियों को अवगत कराया तथा CBCS के अंतर्गत कोर पाठ्यक्रम एवं वैकल्पिक पाठ्यक्रम की अवधारणा को स्पष्ट किया।

डॉ. जैन ने क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम (Ability Enhancement Courses) एवं कौशल संवर्धन पाठ्यक्रम (Skill Enhancement Courses) के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बहु-प्रवेश एवं बहु-निर्गम व्यवस्था (Multiple Entry and Exit System) तथा अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (Academic Bank of Credits) की उपयोगिता को विस्तारपूर्वक समझाया।

व्याख्यान के दौरान उन्होंने उत्तीर्ण एवं कमोनति नियम (Pass and Promote Rules) के साथ-साथ SGPA एवं CGPA की गणना एवं महत्त्व को भी सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। उनका व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक रहा, जिसमें संकाय सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रश्नों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. मंजू मीणा ने प्रमुख वक्ता डॉ. पंकज जैन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उन्हें प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. मंजू मीणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने डॉ. पंकज जैन द्वारा प्रस्तुत संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक सत्र के लिए विशेष रूप से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

यह सत्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं उच्च शिक्षा में लागू हो रही क्रेडिट आधारित शिक्षा प्रणाली की समझ विकसित करने की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी एवं जानकारीपूर्ण रहा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!