
अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति विभाग की सुविधाओं का होगा विस्तार, बजट घोषणा के तहत 10 करोड़ रुपए से अस्तपाल का उन्नयन कार्य प्रगति पर
बीकानेर, 11 अक्टूबर। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला अस्पताल में डीएमएफटी मद से 1.50 करोड़ रुपए की लागत से स्त्री एवं प्रसूति ओपीडी, लेबर रूम, प्री-डिलीवरी रूम, पोस्ट-डिलीवरी रूम तथा चार कॉटेज के निर्माण कार्यों का रविवार को शिलान्यास किया।
इन सुविधाओं के विकसित होने से अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय मरीजों को लाभ होगा।
उन्होंने बताया कि पिछले लगभग तीन सालों में जिला अस्पताल की सुविधाओं में आमूलचूल सुधार हुआ है। जिससे शहरी क्षेत्र के मरीज़ों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने लगी है। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी मद के यह कार्य भी मरीजों के लिए लाभदायक रहेंगे।
विधायक ने बताया कि बजट घोषणा की अनुपालना में जिला अस्पताल में लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से उन्नयन कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके तहत नए ओपीडी ब्लॉक और मेडिसिन वार्ड का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त एक करोड़ रुपए की लागत से ड्रग स्टोर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसका काम जल्द शुरू होगा। नवीन शिशु रोग वार्ड एवं आईसीयू का निर्माण भी 3.50 करोड़ रुपए की लागत से करवाया जा रहा है। इन कार्यों से अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं में विस्तार होगा।
अस्पताल में सरकारी योजनाओं के साथ भामाशाहों के सहयोग से भी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मदन मोहन ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल में नवीन प्रवेश द्वार, स्वागत कक्ष, प्रतीक्षालय हॉल और रजिस्ट्रेशन एरिया का निर्माण हेरिटेज लुक में करवाया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल में नई सोनोग्राफी मशीन, एक्स-रे सुविधा और जनरेटर की व्यवस्था भी करवाई गई है।इससे अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था विकसित होगी।
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि सुविधाओं में वृद्धि से पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल के आउटडोर और इनडोर मरीजों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत वृद्धि हुई है। प्रसव की संख्या में भी इजाफा हुआ है तथा अब अस्पताल में पूर्व की तुलना में कई गुना जटिल ऑपरेशन भी किए जाने लगे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या और उपचार की जरूरतों को देखते हुए सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
विधायक श्री व्यास ने इस दौरान अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता श्री कमल खत्री, श्री जेपी व्यास, श्री किशन चौधरी, डॉ. सुषमा बिस्सा, पूर्व पार्षद श्री राजा सेवग, श्रीमती आशा आचार्य, श्री दिनेश चौहान, श्री विशाल गोलछा, श्री प्रेम गहलोत, पार्षद श्रीमती अन्नपूर्णा व्यास, श्रीमती निशा अनादी पारीक, श्री दीपक व्यास, श्रीमती जसोदा ओझा, श्री नरेंद्र पारीक, श्री राजकुमार जीनगर, श्री सुशील आचार्य, श्री अर्जुन कुमावत, श्री लालचंद कुमावत, श्री किशोर आचार्य, श्री जितेंद्र व्यास सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।










