
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा ‘उड़ान’ का मंच, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को राष्ट्रीय आयोजन का न्योता
20 दिसंबर को बीकानेर में होगा ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’, खेल से करियर तक के अवसरों पर जुटेंगे देशभर के दिग्गज
जयपुर। राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने और युवाओं के लिए खेलों में करियर की संभावनाओं के द्वार खोलने की दिशा में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, बीकानेर एक बड़ी पहल करने जा रहा है। इसी कड़ी में फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा एवं संस्थापक उमाशंकर लिम्बा ने बीकानेर के युवा पृथ्वी सिंह राठौड़ के साथ जयपुर में उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ के राष्ट्रीय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।आगामी 20 दिसंबर 2026 को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के संत मीरा बाई सभागार में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम खेल जगत में करियर की नई संभावनाओं को तलाशने और उभरती प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन देने का राष्ट्रीय मंच बनेगा। कार्यक्रम की थीम ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन – खेल से करियर तक’ रखी गई है।मुलाकात के दौरान निदेशक निशा लिम्बा ने उपमुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य एवं तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान आयोजन की अवधारणा, विभिन्न सत्रों, अतिथियों की सहभागिता और खेल प्रतिभाओं के विकास से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस आयोजन में ओलंपियन एवं पैरालंपियन खिलाड़ियों, अंतरराष्ट्रीय खेल हस्तियों, प्रतिष्ठित खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों, पोषण विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है। इनके अनुभवों और मार्गदर्शन से युवाओं को खेल जगत में आगे बढ़ने की नई दिशा मिलेगी।खेल को सिर्फ शौक नहीं, करियर बनाने का मिलेगा अवसर‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों में उपलब्ध शिक्षा, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, रोजगार तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के अवसरों से रूबरू कराना है। कार्यक्रम में खेल विज्ञान, फिटनेस, प्रतिभा विकास, बच्चों की सुरक्षा, सुरक्षित खेल वातावरण और खेलों में अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।दिया कुमारी ने कार्यक्रम में शामिल होने का दिया आश्वासनउपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और 20 दिसंबर को बीकानेर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश करने का आश्वासन दिया। उनकी इस सकारात्मक प्रतिक्रिया से फाउंडेशन के सदस्यों में उत्साह देखा गया।‘मिशन 2036’ से ओलंपिक पोडियम तक पहुंचाने का संकल्पफाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने कहा कि ‘उड़ान 2026’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजस्थान की उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचान, मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का दीर्घकालीन विजन ‘मिशन 2036–खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ है। इसके माध्यम से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने और युवाओं को खेलों में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की यह पहल खेल, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और प्रतिभा विकास को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निश्चित रूप से ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ राजस्थान की खेल प्रतिभाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलने और खेल को जुनून से पेशे तक पहुंचाने की दिशा में एक नई उड़ान साबित हो सकता है।











