
पीबीएम में मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा, नर्सिंग ऑफिसर को वार्ड से हटाया, जांच के लिए कमेटी गठित
*नई मेडिसिन विंग में रात के समय रेजिडेंट डॉक्टर के अक्सर नदारद रहने की शिकायत*
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की नई मेडिसिन विंग में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी हंगामा किया। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को वार्ड से हटा दिया है और मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
पीबीएम अस्पताल में गार्ड की सेवाएं दे रहे सुरेश कुमार पुरोहित की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मेडिसिन विंग में डॉ. संजय कोचर की यूनिट में भर्ती किया गया था। मरीज सुरेश कुमार पुरोहित की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करने के लिए कहा गया था, लेकिन वहां बेड खाली नहीं था।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह अचानक पुरोहित की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। वार्ड में रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद नहीं थी। नर्सिंग स्टाफ सो रहा था। परिजन खुद ही मरीज को सीपीआर देने लगे। परिजनों का आरोप है कि बार-बार कहने पर भी नर्सिंग ऑफिसर ने ध्यान नहीं दिया। बात भी ढंग से नहीं की। आईसीयू में समय पर शिफ्ट नहीं होने और स्टाफ की गैर-जिम्मेदारी के कारण मरीज की मौत हो गई।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।
*विधायक अस्पताल पहुंचे, नेताओं के दबाव की हुई कार्रवाई*
मरीज की मौत की सूचना मिलने पर पश्चिम से विधायक जेठानंद व्यास हॉस्पिटल पहुंचे। मामले की जानकारी ली और दोषी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा। पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने भी अस्पताल प्रशासन से बात की। उसके बाद नर्सिंग ऑफिसर को वार्ड से हटा दिया गया।
परिजनों ने कहा कि वे रात से डॉक्टर बुलाने की मांग कर रहे थे, किसी ने ध्यान नहीं दिया। प्रशासन ने केवल वार्ड से हटा कर खानापूर्ति की है।
*अधीक्षक ने बताया – जांच कमेटी गठित*
पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि शिकायत मिलते ही कार्रवाई की गई है। यूटीबी पर कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर बाबूलाल ढाका को वार्ड से हटा दिया गया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।
कमेटी में मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. परमेंद्र सिरोही, डॉ. मनोज माली, मुख्य अधीक्षक और मैट्रन को शामिल किया गया है। कमेटी पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











