बीकानेर, पांच शताब्दी से अधिक प्राचीन, विश्व विख्यात भांडाशाह जैन मंदिर में सोमवार को सकल श्री संघ के सहयोग से श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास की ओर से वार्षिक ध्वजा उत्सव, संगीतमय सतर भेदी पूजा के साथ मनाया जाएगा। मंदिर के मूलनायक सुमिति नाथ की चौमुखी प्रतिमा परिसर में पांच तथा पास के संभव नाथजी के जिनालय में एक नई ध्वजाएं चढ़ाई जाएगी। ध्वजाओं को अहमदाबाद से मंगलवाया गया है।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि मूल नायक जैन धर्म के पांचवें तीर्थंकर भगवान सुमति नाथ की मंदिर में सुबह नौ बजे संगीतमय सतरह भेदी पूजा व उसके बाद शुद्धि व पूजन के बाद नई ध्वजा चढाई जाएगी तथा साधार्मिक भक्ति का आयोजन होगा।
नाहटा ने बताया कि भारत सरकार के पुरातत्व सर्वेंंक्षण द्वारा संरक्षित जैन श्वेताम्बर भांडशाह जैन मंदिर का निर्माण ईस्वी सन 1514-15 यानि 512 वर्ष पूर्ण करवाया गया था, बाद में समय-समय पर इसका जीर्णोंद्धार करवाया गया । उन्होंने बताया कि 6 ध्वजाओं के लाभार्थी स्वर्गीय विजय चंद डागा, श्रीमती तीजा देवी, अशोक, पुखराज डागा परिवार, स्वर्गीय अभय कुमार,श्रीमती साधना देवी, आदित्य डागा परिवार मुंबई-बीकानेर, बीकानेर के प्रथम विधायक स्वर्गीय मोतीचंद खजांची, नरेन्द्र व राजीव खजांची परिवार, श्रीमती शशि देवी, अंजू लूणिया (संघवी) परिवार, श्री पूनमचंद सुरेश कुमार गोलछा परिवार, श्रीमती पुष्पा देवी, अनुराग, विपुल कोचर परिवार है। स्वामी वात्सल्य के लाभार्थी स्वर्गीय विजय डागा, तीजादेवी, अशोक व पुखराज जी डागा परिवार है।
—————-
अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी संघ, महिला समिति तथा
समता युवा संघ का अधिवेशन आज,
बीकानेर, 11 अक्टूबर। श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य श्री रामलाल जी.म.सा. व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि तथा चारित्र आत्माओं के मंगल आशीर्वाद से अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी संघ, महिला समिति एवं समता युवा संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार व मंगलवार को गंगाशहर मार्ग के आदिनाथ भवन, गंगाशहर के डागा पैराडाइज व सम्पत पैलेस में दोपहर बारह बजे व शाम साढ़े सात बजे होगा।
श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ मंत्री सुरेश बच्छावत, श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन महिला समिति राष्ट्रीय महामंत्री प्रीति डागा, अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा ने बताया कि अधिवेशन में दो सत्रों में होगा। अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर पिता नरेन्द्र गांधी की अध्यक्षता में 64 वां वार्षिक अधिवेशन, कार्य समिति की बैठक,वार्षिक आम सभा आदिनाथ भवन में होगी। इनमें शीर्ष पदाधिकारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मंत्री, प्रवृति संयोजक व सह संयोजक, संयोजन मंडल सदस्य, आदि शामिल होंगे। श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ, श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन महिला समिति, श्री अखिल भारतवर्षीय जैन समता युवा संघ का संयुक्त अधिवेशन दो सत्रों में होगा।
व्यक्ति परिवर्तन से संघ, समाज व देश का परिवर्तन सभव-उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि
बीकानेर, 11 अक्टूबर। साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य श्री रामलालजी म.सा. के सानिध्य में रविवार को छबीली घाटी के सेवा सदन में प्रवचन में उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि ने कहा कि व्यक्ति परिवर्तन से संघ, समाज व देश का परिवर्तन संभव है। संघ के सभी कार्यकर्ता एक दूसरे के प्रति सम्मान एवं वात्सल्य भाव रखे । किसी भी कार्यकर्ता की कमी पर उसे हतोत्साहित की बजाए कमी सहजता, शालीनता से दूर करने का प्रोत्साहन के साथ प्रयास करें।
श्री साधुमार्गी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि उपाध्याय प्रवर ने कहा कि व्यक्ति विकास संघ का मूल ध्येय है। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप को युद्ध के लिए भामाशाह ने उनके शौर्य की प्रशंसा कर प्रोत्साहित किया था।
बच्चों का शिविर
साध्वी राम यशा श्रीजी म.सा.के सानिध्य में रविवार को ढढ्ढा कोटड़ी में बच्चों का विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 10 से 18 वर्ष तक की आयु वर्ग के करीब 40 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। साध्वी जी ने बालक-बालिकाओं को ज्ञान हानि के सात भेद बताए तथा कहा कि प्रत्येक बच्चे को नवकार महामंत्र, लोग्स तथा वंदना याद करना आवश्यक है।










