



राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर की बहुप्रतीक्षित महाविद्यालय विकास समिति संबंधी बैठक संपन्न
18 नवंबर। राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर।
आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा के निर्देशानुसार समस्त राजकीय महाविद्यालयों में महाविद्यालय के विकास को गति देने के लिए महाविद्यालय विकास समिति का गठन किया जाना है। उक्त समिति के पंजीकरण से पूर्व समिति के समस्त सदस्यों की साधारण सभा की बैठक महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर बबीता जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सदस्य सचिव प्रोफेसर अविनाश जोधा ने समिति के विधान का वाचन किया। तत्पश्चात समिति का नाम, स्थायी पता, समिति के उद्देश्य, सदस्यता, कार्यकारिणी समिति, समिति का कोष संबंधी आवश्यक निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में बीकानेर पश्चिम क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद व्यास, उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, शिक्षाविद सदस्य प्रोफेसर दिग्विजय सिंह एवं प्रोफेसर शशिकांत, राज्य सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य श्री किशोर बांठिया एवं श्रीमती सोनल बैद , अभिभावक श्री देव किशन प्रजापत, साक्षी के रूप में श्री प्रकाश सामसुखा, छात्र प्रतिनिधि पूर्णिमा सोनी एवं संकाय सदस्य श्री हरिराम तर्ड उपस्थित रहे। दानदाता सदस्य के रूप में श्री रिद्धकरण सेठिया एवं श्री बसंत कुमार नौलखा का मनोनयन किया गया। समिति निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात महाविद्यालय की सुरक्षा, महाविद्यालय की चार दीवारी को ऊँचा करना, नगर निगम द्वारा प्रदत्त भूमि का सीमांकन करवाना, महाविद्यालय का नामकरण आदि विविध समस्याओं पर विचार विमर्श हुआ एवं उक्त सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन विधायक महोदय एवं उपखण्ड अधिकारी द्वारा दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए गणवेश की अनिवार्यता की सभी सदस्यों ने भूरि भूरि प्रशंसा की एवं इसे महाविद्यालय के विकास का सकारात्मक पहलू बताया। इस अवसर पर विधायक महोदय तथा युवा उपखण्ड अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों के साथ संवाद भी स्थापित किया गया। प्रोफेसर अविनाश जोधा ने बताया कि विकास समिति के निर्माण संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं । शीघ्र ही महाविद्यालय विकास समिति के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।












