Bikaner Live

शहर भाजपा की संगठनात्मक समीक्षा प्रवास बैठक संपन्न….

कार्यकर्ताओं से स्वाध्याय और नियमित प्रवास करने का आह्वान

राष्ट्र से प्रेम करने वाले प्रत्येक भारतीय के साथ मजबूती के खड़ी है भाजपा – प्रसन्नचंद मेहता
➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
बीकानेर । भारतीय जनता पार्टी शहर जिला बीकानेर की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी योजनाओं एवं विभिन्न अभियानों की समीक्षा प्रवास बैठक बुधवार को गांधीनगर स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष और अजमेर संभाग प्रभारी प्रसन्नचंद मेहता, जिला संगठन प्रभारी ओम सारस्वत के साथ राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल-मोर्चा अध्यक्ष और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

बैठक की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्पांजलि और सामूहिक वन्दे मातरम गायन के साथ हुई।

जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य ने “इतनी शक्ति हमें देना दाता” सहगीत प्रस्तुत किया।

जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने प्रदेश उपाध्यक्ष मेहता और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए शहर भाजपा संगठन द्वारा की गयी विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों, राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों, जिला और मंडल कार्यसमिति बैठकों और अन्य अभियानों के बारे में विवरण प्रस्तुत करते हुए संगठन संरचना के विषय में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान का अनुसरण करते हुए देश में केवल अधिकारों की जगह अब कर्तव्य की बात भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता को यह स्पष्ट रूप से पता लग चुका है कि देश की आजादी के लिए लड़ने वाले और केवल सत्ता के लिए संघर्ष करने वाले कौन लोग थे।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस को सदैव भारत माता की जय और वंदे मातरम से चिढ़ रही है और देश में अब परिवारवादी राजनीति के दिन लद गए हैं। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी बेदाग छवि वाले विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय और प्रतिपल गरीब कल्याण के लिए प्रयासरत और चिंतित रहने वाले प्रधानमंत्री हैं।

सिंह ने मंडल सशक्तिकरण अभियान, हर घर तिरंगा, मन की बात, पौधारोपण अभियान के विषय में भी विवरण प्रस्तुत किया।

जिला संगठन प्रभारी ओम सारस्वत ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों में स्वयं की और संगठन के कार्यों की समीक्षा अत्यंत आवश्यक है क्योंकि समीक्षा से ही समाधान निकलता है। उन्होंने सभी जिला, मंडल, मोर्चा पदाधिकारियों से अपने स्वयं के दायित्वों की निरंतर समीक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता के पास जितना बड़ा दायित्व होता है उसे उतना ही अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता रहती है ।

प्रदेश उपाध्यक्ष और अजमेर संभाग प्रभारी प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे कालखंड तक भारत माता को विश्व गुरु के रूप में पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 2023 और 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनाव तो अस्थायी आगामी लक्ष्य है परंतु दीर्घकाल तक स्थाई रूप से देश में राष्ट्रवादी नागरिकों का शासन बना रहे इस दिशा में पार्टी कार्य कर रही है।

उन्होंने सशक्त मंडल अभियान की संपूर्णता को बहुत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मंडल संगठन ही सभी कार्यों की धुरी रहने वाली है। साथ ही पन्ना प्रमुख नियुक्ति को बहुत ही आवश्यक कार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के फलीभूत होने से बूथ स्तर तक पार्टी संगठन विस्तृत और शक्तिशाली बनेगा ।

मेहता ने कहा कि समाज में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ विदेशी और देश विरोधी ताकतें दिन-रात जानबूझकर घृणा और विष फ़ैलाने का कार्य कर रही है परंतु मोदी जी इन सभी से विचलित हुए बिना अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए दिनरात जनसेवा के लिए संकल्पित है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वाध्याय और पूर्ण तैयारी के साथ आमजन और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के बीच जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को मानने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक के साथ भारतीय जनता पार्टी सदैव मजबूती के साथ खड़ी है।

मेहता ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नियमित प्रवास की आदत डालने की बात रखते हुए किसी भी दायित्व के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने मोदी जी की उज्ज्वला योजना, आवास निर्माण, स्वच्छता अभियान, शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं को उनकी दूरदर्शी सोच और सकारात्मक कल्पना का परिणाम बताते हुए लाभार्थियों और महिला मतदाता वर्ग से नियमित संवाद करने की बात कही। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में ज्यादा से ज्यादा घरों में तिरंगा लगवाने का प्रयास करने तथा वार्ड स्तर पर प्रभात फेरियां निकालने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री अनिल शुक्ला ने मंडल सशक्तिकरण अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न मंडलों में सशक्त मंडल निर्माण,सक्रिय बूथ समिति और पन्ना प्रमुख नियुक्ति की जानकारी के साथ ही संगठनात्मक संरचना विषय पर जानकारी रखी।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री मोहन सुराणा ने किया ।

समीक्षा बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

बुधवार को आयोजित हुई इस समीक्षा बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, जिला संगठन प्रभारी ओम सारस्वत, जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, मुमताज अली भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य, जिला महामंत्री मोहन सुराणा, अनिल शुक्ला, नरेश नायक, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, गोकुल जोशी, मधुरिमा सिंह, बंशीलाल तंवर, निर्मला खत्री, पूर्व न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, अविनाश जोशी, डॉ. मीना आसोपा, जिला मंत्री अरुण जैन, मनीष आचार्य, कौशल शर्मा, प्रोमिला गौतम, सुमन कंवर शेखावत, मंडल अध्यक्ष अजय खत्री, विनोद करोल, नरसिंह सेवग, जेठमल नाहटा, अभय पारीक, मुकेश ओझा, दिनेश महात्मा, कमल आचार्य, चंद्रप्रकाश गहलोत, मोर्चा अध्यक्ष सुमन छाजेड़, वेद व्यास, राजाराम सिंगड़, श्यामसुंदर चौधरी,ओमप्रकाश मीणा, उस्मान खलीफा, विक्रम सिंह राजपुरोहित इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक की समाप्ति के पश्चात “हर घर तिरंगा अभियान” हेतु कार्यकर्ताओं को तिरंगे का वितरण भी किया गया।

समीक्षात्मक प्रवास मुख्य बैठक के पश्चात अन्य सत्रों में समन्वय समिति बैठक तथा शिवबाड़ी और लालगढ़ मंडल की बैठकों का भी आयोजन किया गया ।

Author picture

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!