Bikaner Live

राजस्व दिवस-तीसरे राजस्व दिवस के अवसर पर 18 कार्मिक सम्मानित….

अधिकारों के नियम सम्मत उपयोग के साथ दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी से निर्वहन करें राजस्व कार्मिक: जिला कलेक्टर

बीकानेर, 15 अक्टूबर। तीसरे राजस्व दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल थे। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 कार्मिकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग का प्रत्येक कार्मिक और उसके द्वारा किया जाने वाला कार्य महत्वपूर्ण होता है। राजस्व कार्मिक आमजन के प्रत्येक पहलू से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि पटवारी से लेकर जिला कलेक्टर तक को जनता पूरी आशा के साथ देखती है। ऐसे में विभाग के प्रत्येक कार्मिक अपने महत्व को समझते हुए कार्य करें। काश्तकारों की राजस्व से संबंधित प्रत्येक समस्या का समयबद्ध और नियम सम्मत समाधान राजस्व कार्मिकों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के लिए समय-समय पर प्रशासन गांवों के संग जैसे अभियान चलाती है। इन्हें सफल बनाने की जिम्मेदारी राजस्व कार्मिकों की होती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राजस्व कार्मिकों को भरपूर अधिकार दिए हैं और दायित्व भी सौंपे हैं। प्रत्येक कार्मिक इन अधिकारों का नियम सम्मत उपयोग करे और दायित्वों को समझते हुए कार्य करें।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त एएच गौरी ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में राजस्व विभाग के काम करने के तरीकों में भी बदलाव आया है। प्रत्येक राजस्व कार्मिक इसे समझे। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाले कार्मिक अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे दूसरों को भी प्रेरणा मिले।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) ओमप्रकाश ने राजस्व दिवस के उद्देश्य और भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजस्थान काश्तकारी नियम 15 अक्टूबर 1955 को लागू हुआ। इसी दिन को राजस्व दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संकल्प शर्मा ने जिले में भू-अभिलेख डिजिटाइजेशन कार्यक्रम तथा तहसीलदार (राजस्व) कुलदीप कस्वा ने प्रशासन गांवों के संग अभियान की उपलब्धियों के बारे में बताया। तहसीलदार (भू-अभिलेख) मोहम्मद इंतियाज भाटी ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य ने किया। इस दौरान नगर विकास न्यास के तहसीलदार कालू राम, अतिरिक्त निजी सचिव आशानंद कल्ला, जगदीश किराडू, कैलाश दान चारण, कमलेश पुरोहित, नरेंद्र चौधरी, रामेश्वर जीनगर, लोकेश मखीजा, विवेक व्यास आदि मौजूद रहे।
इनका किया सम्मान
जिला कलेक्टर ने नायब तहसीलदार रमणदान और मदन सिंह यादव, राजस्व लेखाकार श्याम सिंह, भू-अभिलेख निरीक्षक महावीर सिंह, अशोक कुमार, राजवीर सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी ललित मोदी एवं मनीष शर्मा, वरिष्ठ सहायक जगदीश प्रसाद रोहित, पटवारी मंजू कुमारी, सुभाष बिश्नोई, मूलदान, नारायण राम और पेमाराम सारण, कनिष्ठ सहायक राजेश किराडू, नटवर व्यास और पवन छींपा तथा सहायक कर्मचारी चंपालाल का सम्मान किया।

Author picture

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!