Bikaner Live

नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबर -95304-14947 पर दें सूचना
soni

नशे के खिलाफ अब पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई

नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित

’स्कूलों में नशा रोकथाम को लेकर भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिता करें आयोजित’



बीकानेर, 10 दिसंबर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर बुधवार को नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। एडीएम सिटी श्री रमेश देव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई इस बैठक में नशा तस्करी, अवैध शराब, ड्रग्स की रोकथाम तथा जनजागरूकता के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।

*नशीले पदार्थों का अवैध व्यापार समाज के लिए गंभीर चुनौती*
एडीएम सिटी ने कहा कि नशीले पदार्थों का अवैध व्यापार समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए विभागों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है। उन्होंने पुलिस, मेडिकल, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय विभाग को संयुक्त रूप से सूचना तंत्र मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और स्कूल–कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने के निर्देश दिए।साथ ही स्कूलों में नशे के विरुद्ध चेतावनी बोर्ड लगवाने और स्कूलों के आस पास नशा नहीं बिकने को लेकर पुलिस कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।

*स्कूलों में नशा रोकथाम को लेकर भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिता करें आयोजित*
श्री देव ने कहा कि व्यास कॉलोनी जैसे पॉश इलाके में छोटे छोटे बच्चे नशे करते नजर आ जाते हैं।
उन्होंने युवा पीढी में नशे की रोकथाम हेतु विद्यालयों में प्रार्थना के समय तथा सप्ताह में एक दिन भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगी आयोजित करवानें तथा नशे की रोकथाम हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश प्रदान किये।

*नशा तस्करी में लिप्त तत्वों पर सख्ती से कसी जाएगी नकेल*
एडिश्नल एसपी श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने नशे के खिलाफ जिले में हाल ही में की गई कार्रवाईयों, बरामदगी और गिरफ्तारी के मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा तस्करी में लिप्त तत्वों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।। उन्होंने बताया कि बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए गश्त और इंटेलिजेंस नेटवर्क को और सुदृढ़ किया जाएगा।

*नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबर -95304-14947 पर दें सूचना*
श्री राठौड़ ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं नशा बिक रहा है तो उसकी जानकारी पुलिस के नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबर -95304-14947 पर सूचित करें। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। कोई भी व्यक्ति अवैध मादक पदार्थों के खरीदने या बेचने की सूचना इस नंबर पर बेझिझक साझा कर सकते हैं। इसके अलावा नशा मुक्त भारत अभियान हेल्पलाइन नंबर-14446 पर भी कॉल किया जा सकता है।
बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में आयोजित जनजागरूकता गतिविधियों तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियानों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में एडिश्नल एसपी सिटी श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. सागरमल शर्मा, सहायक दवा निरीक्षक श्री देवेन्द्र कुमावत, समाज कल्याण अधिकारी श्री नन्दकिशोर, चिकित्सा विभाग से डॉ. रविन्द्र उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!