







बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने छात्रों से किया सीधा संवाद, कुलगुरु प्रो. गर्ग की मौजूदगी में नशा-मुक्त कैंपस का संकल्प
नशे के खिलाफ निर्णायक जंग की दिशा में एक सशक्त कदम उठाते हुए बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय और अभियांत्रिकी महाविद्यालय बीकानेर (ECB) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत व्यापक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने छात्रों के साथ सीधा और प्रभावशाली संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर स्पष्ट, तार्किक और कठोर संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को क्षति पहुँचाता है, बल्कि उसके करियर, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी गहराई से प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीटीयु कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग तथा रजिस्ट्रार रचना भाटिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने आधुनिक प्रेजेंटेशन और वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य, बल्कि करियर और सामाजिक जीवन को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है।
एसपी कच्छावा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय चुनौती है—जिससे मिलकर लड़ना होगा।” उन्होंने युवाओं से अनुशासन, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण इंटरैक्टिव सत्र रहा, जिसमें छात्रों ने खुलकर अपने प्रश्न रखे। विशेषज्ञों ने प्रत्येक जिज्ञासा का तथ्यात्मक और स्पष्ट उत्तर देकर जागरूकता को व्यवहारिक दिशा दी।
ईसीबी रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने इस अवसर पर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों को नशा-मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही, भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने और समाज को सुरक्षित बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गरिमा प्रजापत ने किया
इस अवसर पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक हनुमान प्रसाद शर्मा,डॉ अनु शर्मा, डॉ. ओम प्रकाश जाखड़ इत्यादि उपस्थित रहे
















