Bikaner Live

साइबर ठगी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, छह बैंक खातों में हुआ करीब 30 लाख का लेनदेन

आम लोगों से धोखे से बैंक खाते लेकर ठगी की रकम का करता था लेनदेन; विभिन्न राज्यों से 17 शिकायतें दर्ज
बीकानेर, 21 अगस्त। बीकानेर की साइबर थाना पुलिस ने आम लोगों से धोखाधड़ी कर बैंक खाते प्राप्त करने और उनमें साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए छह बैंक खातों में करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी की राशि का लेनदेन सामने आया है। इन खातों के संबंध में देश के विभिन्न राज्यों से निवेश धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट की 17 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय राजेश प्रजापत  के रूप में हुई है। आरोपी रामपुरा बस्ती, लालगढ़ स्थित गली नंबर दो का निवासी है।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में साइबर थानाधिकारी शालिनी बजाज के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक विजेंद्र सीला एवं साइबर थाना टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
आम लोगों से धोखे से हासिल करता था बैंक खाते
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी गिरोह के साथ मिलकर लोगों से ठगी गई राशि अपने तथा अन्य लोगों के बैंक खातों में प्राप्त करता था। साइबर ठगी की राशि के लेनदेन के कारण स्वयं के बैंक खाते फ्रीज होने के बाद उसने आम लोगों को धोखे में रखकर उनके बैंक खाते हासिल करना शुरू कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी इन बैंक खातों को साइबर ठगी गिरोह को उपलब्ध करवाता था। खातों में देशभर के पीड़ितों से ठगी गई रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी। इसके बाद रकम को अन्य स्थानों पर भेजने अथवा उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लिया जाता था।
आरोपी कथित तौर पर बैंक खाते खुद इस्तेमाल करने के साथ देश-विदेश में बैठे अन्य बड़े साइबर अपराधियों को भारी कमीशन पर किराये अथवा बिक्री के रूप में भी उपलब्ध करवाता था। ऐसे खातों को ‘म्यूल बैंक अकाउंट’ कहा जाता है।
छह खातों पर 17 साइबर अपराध शिकायतें
पुलिस द्वारा आरोपी के इस्तेमाल किए गए बैंक खातों का एनसीआरपी पोर्टल पर विश्लेषण किया गया। जांच में छह बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से 17 साइबर अपराध शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें मुख्य रूप से इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
अब तक की जांच में इन खातों में करीब 30 लाख रुपये की संदिग्ध साइबर ठगी राशि का लेनदेन सामने आया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों, संबंधित बैंक खातों और ठगी की पूरी रकम के बारे में विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से की सावधानी बरतने की अपील
बीकानेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, दस्तावेज या फर्म किराये पर अथवा उपयोग के लिए नहीं दें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है।
अज्ञात व्हाट्सऐप या टेलीग्राम ग्रुप से मिलने वाले संदेशों के आधार पर अनधिकृत ऐप डाउनलोड कर शेयर बाजार अथवा अन्य योजनाओं में निवेश नहीं करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!