फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला गिरफ्तार
बीकानेर, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एमडी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पांचू थाना पुलिस ने भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
नाल थाना क्षेत्र में 52 ग्राम एमडी बरामद
नाल थाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों पवन कुमार और नितेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 52 ग्राम एमडी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
सदर थाना पुलिस ने 7.48 ग्राम एमडी पकड़ी
सदर थाना पुलिस ने गंगानगर चौराहे से भट्टों के चौराहे की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर कार्रवाई करते हुए साहिल उर्फ मोनू, उम्र 24 वर्ष, को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 7.48 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की गई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच बीछवाल थाना पुलिस के अधिकारी को सौंपी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला गिरफ्तार
पांचू थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में रामस्वरूप पुत्र मनीराम, उम्र 43 वर्ष, निवासी कुदसू, को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि आरोपी ने उनके जीवित दादा की फोटो के साथ शोक गीत लगाकर उनकी कथित ‘नौवीं पुण्यतिथि’ का भ्रामक दावा करते हुए फेसबुक पर पोस्ट की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने 30 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार किया।
पांचू थाना पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की जा रही है और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











