चौथे दिन राजीविका और महिला बाल विकास विभाग ने किया आयोजन, एसडीएम प्रिया बजाज ने की शत-प्रतिशत मतदान की अपील
नोखा। मतदाता जागरूकता अभियान के चौथे दिन गुरुवार को नोखा पंचायत समिति मुख्यालय पर रंगोली और मेहंदी के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। राजीविका और महिला बाल विकास परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने रंगोली बनाकर और हाथों पर मेहंदी लगाकर मतदान का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी प्रिया बजाज, तहसीलदार सुनीता चारण, विकास अधिकारी जसवंतसिंह बिश्नोई, राजीविका के ब्लॉक इंचार्ज पवन बिश्नोई और महिला बाल विकास परियोजना से मालसिंह उपस्थित रहे।
उपखण्ड अधिकारी प्रिया बजाज ने अपने संबोधन में मतदाताओं को जागरूक होने और निर्भय होकर शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में राजीविका से निशा, अन्तिमा, अनसुईया और हर्षिता ने रंगोली बनाकर तथा परमा, अनसुईया पारीक, भगवती, किरण, उर्मिला, पूर्णिमा और सागर कंवर ने हाथों में मेहंदी लगाकर मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग किया।
मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम के सहप्रभारी राजेश व्यास ने बताया कि कल धनतेरस को दीपदान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।















