
ब्लास्ट से पटरी के नीचे लगे स्लीपर टूटे, 2 फीट गहरा गड्ढा
श्रीगंगानगर। जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए जोरदार धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए ब्लास्ट को ट्रेन उड़ाने की साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पैसेंजर ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे यह धमाका हुआ। गनीमत रही कि धमाके के वक्त ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
धमाके की तीव्रता इतनी थी कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए। पटरी के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया और लॉक भी टूट गए। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी।
घटना की सूचना मिलते ही IB, CID और ATS की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ATS के एडिशनल SP सुरेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।
श्रीगंगानगर SP हरिशंकर ने बताया कि धमाके की तीव्रता और साजिश के पहलुओं की जांच जारी है। सुरक्षा कारणों से आज सुबह 9 बजे तक इस रूट की ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
फिलहाल धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच पड़ताल में एजेंसियां जुटी हैं।













