आईजी ओमप्रकाश के निर्देश पर सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश, असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
बीकानेर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशानुसार रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जा रहा है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए नियमित गश्त और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है। पटाखों की बिक्री एवं उपयोग को लेकर जारी सरकारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए भी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
पुलिस की आमजन से अपील
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें, यातायात नियमों की पालना करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने सभी नागरिकों से सुरक्षित एवं सतर्क रहते हुए दूसरों की खुशियों का ध्यान रखने और दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है।












