Bikaner Live

रतलाम की मुमुक्षु प्रियल कोठारी साध्वी रामप्रिया श्रीजी बनी,
साधुमार्गी संघ के आचार्य प्रवर राम लालजी से ग्रहण की भागवती दीक्षा

बीकानेर,  साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर राम लालजी म.सा., उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि व चारित्र आत्माओं व बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की (चतुर्विद संघ की) साक्षी में शनिवार को रतलाम की 19 वर्षीय  मुमुक्षु सुश्री प्रियल कोठारी, समस्त सांसारिक भौतिक सुख सुविधाओं को त्याग कर भागवती दीक्षा ग्रहण कर साध्वी रामप्रिया श्रीजी बन गई। आचार्य प्रवर रामलालजी के सानिध्य में युवाचार्य बनने के बाद यह 496 वीं दीक्षा थी।
श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के मंत्री सुरेश बच्छावत ने बताया कि छबली घाटी के सेवा सदन मंें हुए दीक्षा महोत्सव में आचार्य प्रवर रामलालजी व युवाचार्य प्रवर राजेश मुनि ने ’’करेमी भन्ती’’ के साथ दीक्षा विधि पूर्ण करवाई तथा सम्पूर्ण पापाकारी क्रियाओं का त्याग करवाकर आजीवन सत्य, अहिंसा, अचौर्य, अपरिग्रह व ब्रह्मचर्य के पालन का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर ’’राम गुरु विराट है दीक्षाओं का ठाठ है’’ व ’’ हर्ष-हर्ष जय-जय’’ के नारे लगाए गए तथा साध्वीवृंद व श्राविकाओं ने श्रेष्ठ संयम पालना व देव, गुरु व धर्म के ’’ मेरे राम गुरु के बराबर कोई नहीं’’आदि की गीतों  प्रस्तुतियां दी गई। 
अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा व वरिष्ठ श्रावक सुशील बच्छावत ने नवकार महामंत्र के पांचवे पद ’’नमो लोए सव्व साहूणं’’ में शामिल हुई मुमुक्षु व उनके परिजनों का परिचय दिया । नव दीक्षित साध्वी के केश लुंचन की रस्म शासन दीपिका साध्वी कल प्रभा श्रीजी ने निभाई। दीक्षा महोत्सव स्थल पर उपस्थित बड़ी संख्या में रतलाम, इंदौर, सहित देश के विभिन्न इलाकों से आए श्रावक-श्राविकाओं व अपने परिजनों से मुमुक्षु ने दीक्षा पूर्व हाथ जोडकर वैराग्य की अनुमति मांगी तथा जाने-अनजाने में हुई भूलों व गलती के लिए क्षमा याचना की।
साधुमार्गी सेवा समिति के कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र दस्साणी ने बताया कि दीक्षा महोत्सव में लाघव मुनि ने कहा कि सच्चे गुरु के दर्शन वंदन करने से तीर्थं जितना फल प्राप्त हो जाता है। मधुर मुनि ने कहा कि वंश चले या नहीं चले जिन शासन का संघ चलना चाहिए । संघ के लिए सभी समर्पित होकर मर्यादाओं का पालन करें। मुमुक्षु के नाना वीरेन्द्र संकलेचा ने कहा कि संयम मार्ग यह वेश परिवर्तन का नहीं जीवन परिवर्तन का मार्ग है। मुमुक्षु प्रियल कोठारी बचपन से ही धार्मिक, संस्कारिक व देव-गुरु व धर्म के प्रति समर्पित रही है। साध्वीवृंद ने कहा कि दृढ आत्मबल व गुरु कृपा से ही दीक्षा व बड़ी तपस्याएं संभव है। इस अवसर पर राम वत्स मुनि के 36 की तथा साध्वीश्री रामाभा के  छोटी उम्र 41 की तपस्या की अनुमोदना की गई। कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र गांधी, साधुमार्गी सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद व संघ के पदाधिकारियों ने आचार्य श्री से 500 दीक्षाएं बीकानेर में पूर्ण करने की विनती की।
भक्ति संगीत संध्या में अभिनंदन
साधुमार्गी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि मुमुक्षु रतलाम की प्रियल कोठारी के दीक्षा महोत्सव के तहत शुक्रवार रात को गंगाशहर मार्ग के आदिनाथ भवन में भक्ति संगीत संध्या आयोजित की गई जिसमें प्रसिद्ध गायिका अलका डागा ने गुरु भक्ति व संयम मार्ग के  गीतों से श्रावक-श्राविकाओं को भाव विभोर कर दिया। समारोह में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जयचंद लाल डागा, साधुमार्गी सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद, कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र दस्साणी, उपाध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा, अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा आदि ने प्रशस्ति पत्र से मुमुक्षु का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ, महिला समिति, साधुमार्गी सेवा समिति, समता युवा संघ, महिला समिति, बहू मंडल तथा कन्या मंडल के सदस्याएं मौजूद थे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!