Bikaner Live

दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार

दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार

रविवार को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बाईवेलेंट पोलियो वैक्सीन पिलाने लगेंगे 1,662 बूथ

विधायक श्री जेठानंद व्यास एवं जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन करेंगे मुक्ता प्रसाद नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अभियान का जिला स्तरीय उद्घाटन

भारत पोलियो मुक्त लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी वायरस मौजूद

बीकानेर, 21 नवंबर। “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के मूल मंत्र के साथ रविवार 22 नवंबर को जिले के 0 से 5 वर्ष तक के नौनिहालों को पोलियो वायरस से बचाने के लिए उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। राजस्थान के 32 जिलों में आयोजित हो रहे इस अभियान के तहत बीकानेर जिले में 1,662 पल्स पोलियो बूथ लगाए जाएंगे। जिले की समस्त अस्पतालों, चुनिंदा आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा सार्वजनिक परिसरों पर पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है। रविवार को प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक जागरूक माता-पिता अपने 0 से 5 साल तक के बच्चों को बाईवेलेंट पोलियो वैक्सीन की दो बूंद खुराक पिलाने लाएंगे।

विधायक श्री जेठानंद व्यास एवं जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन द्वारा अभियान का जिला स्तरीय उद्घाटन रविवार को प्रातः 9:30 बजे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुक्ता प्रसाद नगर में रोटरी क्लब के सहयोग से किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। वहीं अन्य बूथों का उद्घाटन भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से करवाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने अपील की है कि जिले का एक भी बच्चा इस जीवन रक्षक खुराक से वंचित न रहे। चाहे एक दिन पहले ही पोलियो खुराक क्यों ना दी गई हो, रविवार को फिर से खुराक अवश्य दिलाई जाए। क्योंकि भारत को पोलियो मुक्त हुए 15 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी वायरस मौजूद है।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 22 नवंबर को जिले में 1,662 बूथ, 59 ट्रांजिट टीमें, 67 मोबाइल टीमें, 332 सुपरवाइजर तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों, एएनएम, जीएनएम, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड की सहायता से 4,29,261 बच्चों को बाईवेलेंट पोलियो वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर तैनात रहेंगी ट्रांजिट टीमें

डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि जिले में 87 कोल्ड चेन केंद्रों के माध्यम से वैक्सीन का भंडारण एवं आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। समस्त प्रमुख बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशन पर बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने के लिए ट्रांजिट टीमें तथा ईंट भट्टे, स्लम-कच्ची बस्तियों, ढाणियों, घुमंतू जातियों और सड़क किनारे निर्माण स्थलों जैसे हाई रिस्क एरिया के लिए मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। जिले के 177 हाई रिस्क एरिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान की सफलता के लिए नर्सिंग कॉलेज, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्काउट-गाइड व स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!