
श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बीकानेर। जयपुर रोड स्थित शनि शिंगणापुर परिसर में श्री श्री मरूनायक पीठेश्वर पंडित भाईश्री के सानिध्य में 18 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। कथा वाचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। इसके साथ ही धर्म, भक्ति, संस्कार और जीवन में सदाचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला जा रहा है।
शनिवार, 21 नवंबर को कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजे नन्हे बालक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में आकर्षक वेशभूषा और श्रृंगार से सजाकर कथा स्थल पर लाया गया। बाल गोपाल के मनमोहक स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही कथा स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए नृत्य किया और भजनों पर झूमकर अपनी खुशी का इजहार किया। कई महिलाओं की आंखों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी और भक्ति के आंसू भी नजर आए। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ नंदोत्सव मनाया और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर कथा वाचक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजे बच्चों को टॉफी वितरित की गई वहीं उपस्थित श्रद्धालुओं एवं बड़ों को फल वितरित किए गए। भगवान को पंचामृत तथा माखन-मिश्री का भोग अर्पित किया गया और प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 18 नवंबर से प्रारंभ हुआ है, जिसका समापन 24 नवंबर 2026 को होगा। कथा के आगामी दिनों में भी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।













