
दो महीने में 52 से अधिक गुमशुदा और चोरी के मोबाइल बरामद, कांस्टेबल देबूराम ने लौटाई लोगों के चेहरों पर मुस्कान
बीकानेर। मोबाइल फोन आज के दौर में हर व्यक्ति की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इसमें जरूरी दस्तावेज, संपर्क नंबर और यादगार तस्वीरें सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में मोबाइल गुम या चोरी हो जाना किसी के लिए भी बड़ी परेशानी का कारण बन जाता है। लेकिन बीकानेर पुलिस के एक जवान की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा ने कई लोगों की इस परेशानी को खुशी में बदल दिया है।
बीकानेर के सदर पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल देबूराम (बेल्ट नंबर 1592) ने अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता के दम पर महज दो महीनों में 52 से अधिक गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए हैं। उनकी इस सराहनीय उपलब्धि से कई परिवारों को राहत मिली है और लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटी है।
रैली के दौरान गुम हुआ मोबाइल भी खोज निकाला
इसी क्रम में बीकानेर के व्यास कॉलोनी निवासी विजय कुमार अग्रवाल का मोबाइल फोन जूनागढ़ के पास आयोजित एक रैली के दौरान गुम हो गया था। मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद कम होने के बावजूद कांस्टेबल देबूराम ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार मोबाइल तलाशने में सफलता हासिल की। गुरुवार को विजय कुमार अग्रवाल के पुत्र दीपेश अग्रवाल को उनका मोबाइल सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस और कांस्टेबल देबूराम का आभार जताया।
राजस्थान के कई जिलों के साथ महाराष्ट्र और यूपी से भी बरामद किए मोबाइल
कांस्टेबल देबूराम ने बताया कि अब तक बरामद किए गए मोबाइल फोन राजस्थान के अलग-अलग जिलों के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से भी तलाश कर मंगवाए गए हैं। मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास, तकनीकी जानकारी और पुलिस की सक्रियता के माध्यम से काम किया गया।
आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर चल रहा अभियान
गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि आमजन को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सकें।
महज दो महीनों में 52 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाना कांस्टेबल देबूराम की मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी यह पहल न केवल आमजन को राहत पहुंचा रही है, बल्कि पुलिस के प्रति लोगों के विश्वास को भी मजबूत कर रही है।












