कई श्रद्धालुओं के चातुर्मास व्रत की होगी पूर्णाहुति, यज्ञ, हवन और महाप्रसादी के होंगे आयोजन; देव दीपावली पर जगमगाएंगे मंदिर और सरोवर
बीकानेर। सनातन धर्म की धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व रखने वाले चातुर्मास के समापन के साथ ही अब कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बीकानेर सहित देशभर में अनेक धार्मिक आयोजन होंगे। इस अवसर पर जहां मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, आरती और दीपदान होंगे, वहीं कई श्रद्धालुओं के चातुर्मास व्रत की पूर्णाहुति भी होगी।
चातुर्मास के दौरान चार माह तक व्रत, नियम, संयम, पूजा-पाठ, जप-तप और धार्मिक साधना करने वाले श्रद्धालु पूर्णिमा के अवसर पर विधि-विधान से अपने व्रत का समापन करेंगे। इस दौरान अनेक परिवारों और धार्मिक समूहों की ओर से यज्ञ, हवन एवं विशेष पूजा-अर्चना के आयोजन किए जाएंगे। व्रत की पूर्णाहुति के बाद ब्राह्मण भोज, साधु-संतों की सेवा और महाप्रसादी के कार्यक्रम भी होंगे। कई स्थानों पर सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चातुर्मास भगवान विष्णु की योगनिद्रा से जुड़ा चार माह का विशेष आध्यात्मिक काल माना जाता है। इस दौरान मांगलिक कार्यों पर विराम रहता है और श्रद्धालु पूजा-पाठ, व्रत, जप, तप तथा दान-पुण्य के माध्यम से धर्म-कर्म में समय व्यतीत करते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो चुकी है।
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। इसी परंपरा के चलते कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है।
आचार्य राजदी राज देराश्री आदित्य देराश्री केशव किराडू ने बताया कि बीकानेर में भी इस अवसर पर श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना करेंगे। कोलायत स्थित कपिल सरोवर में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। यहां श्रद्धालु पवित्र स्नान, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। देशभर में गंगा घाटों, सरोवरों और तीर्थस्थलों पर भी श्रद्धालु स्नान कर दीपदान करेंगे।
धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान, जरूरतमंदों को अन्न-वस्त्र का दान, तुलसी पूजन और दीपदान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। शाम को मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
चातुर्मास के चार माह की साधना, व्रत और संयम के बाद होने वाली पूर्णाहुति तथा कार्तिक पूर्णिमा का दीपोत्सव भारतीय संस्कृति की समृद्ध धार्मिक परंपरा को दर्शाता है। यह पर्व आस्था, सेवा, त्याग, दान और सद्भाव का संदेश देता है।













