Bikaner Live

बॉक्स खुलते ही गूंज उठती है संघ की प्रार्थना… नारायण चोपड़ा को मिला शताब्दी वर्ष का अनमोल स्मृति उपहार

बॉक्स खुलते ही गूंज उठती है संघ की प्रार्थना… नारायण चोपड़ा को मिला शताब्दी वर्ष का अनमोल स्मृति उपहार

40 ग्राम चांदी के विशेष सिक्के के साथ सागवान के बॉक्स में सजा भारत माता का चित्र, अनूठी तकनीक ने बनाया यादगार; बीकानेर में यह विशेष सेट पाने वाले पहले व्यक्ति बने पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा

बीकानेर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोने वाला एक अनूठा उपहार बीकानेर के पूर्व महापौर एवं भाजपा नेता नारायण चोपड़ा को प्राप्त हुआ है। इस विशेष उपहार की खासियत केवल 40 ग्राम वजनी चांदी का स्मारक सिक्का ही नहीं, बल्कि इसकी ऐसी अनूठी प्रस्तुति है कि जैसे ही लकड़ी का बॉक्स खुलता है, संघ की प्रसिद्ध प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की मधुर धुन गूंजने लगती है।

बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े नारायण चोपड़ा को मिला यह विशेष स्मृति सेट अपनी आकर्षक बनावट और भावनात्मक जुड़ाव के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बीकानेर में यह विशिष्ट सेट प्राप्त करने वाले नारायण चोपड़ा पहले व्यक्ति हैं।

सागवान के बॉक्स में सजा भारत माता का चित्र और चांदी का सिक्का

संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तैयार किए गए इस विशेष सेट को खूबसूरत सागवान की लकड़ी से बने बॉक्स में सुरक्षित रखा गया है। बॉक्स के भीतर भगवा रंग की एक्रिलिक प्लेट लगाई गई है। इसके एक ओर भारत माता का आकर्षक चित्र और दूसरी ओर शताब्दी वर्ष का विशेष चांदी का स्मारक सिक्का सुशोभित है।

इसकी सबसे अनूठी विशेषता इसमें लगा संगीत तंत्र है। बॉक्स खोलते ही संघ की प्रार्थना की धुन सुनाई देने लगती है। भारत माता का चित्र, भगवा रंग की प्लेट, चांदी का सिक्का और प्रार्थना का संगीत मिलकर इसे एक विशिष्ट और यादगार संग्रहणीय उपहार बनाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जारी किया था 100 रुपये का स्मारक सिक्का

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता के विशेष चित्र से अलंकृत 100 रुपये का 40 ग्राम वजनी चांदी का स्मारक सिक्का जारी किया था। इसी शताब्दी वर्ष की स्मृति में तैयार किया गया यह विशेष सेट अपनी अनूठी पैकेजिंग के कारण विशेष आकर्षण रखता है।

नारायण चोपड़ा बोले—बॉक्स खोलते ही प्रार्थना की धुन सुनना अविस्मरणीय अनुभव

नारायण चोपड़ा ने बताया कि कोलकाता टकसाल के विशेष जूट के थैले में सुरक्षित इस खूबसूरत वुडन बॉक्स को खोलते ही भारत माता का चित्र, शताब्दी वर्ष का चांदी का सिक्का और उसी समय संघ की प्रार्थना की धुन सुनाई देना उनके लिए बेहद अद्भुत और भावुक कर देने वाला अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक सिक्का नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौरवशाली यात्रा की स्मृतियों को संजोने वाला अनमोल उपहार है।

नारायण चोपड़ा ने इस विशिष्ट स्मृति उपहार के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सिक्के का निर्माण करने वाली कोलकाता टकसाल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

संघ के 101वें वर्ष में यह विशेष स्मारक सेट शताब्दी यात्रा की यादों को सहेजने वाली एक अनूठी निशानी बन गया है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!