
बीकानेर, 21 जुलाई। (MNS) आचार्य धरणीधर ट्रस्ट और टीम धरणीधर द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को धरणीधर मैदान में सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन मातृशक्ति ने पीपल के 111 पौधे लगाए।
ट्रस्ट के संरक्षक राम किसन आचार्य ने बताया कि पं.ओम प्रकाश शर्मा के सान्निध्य में पंडितों की टीम ने पीपल के पौधों का विधिवत पूजन करवाया। यह पौधे टीम धरणीधर की ओर से उपलब्ध करवाए गए। इन्हें मैदान के पूर्वी भाग में लगाया गया है। समाजसेवी राजेश चूरा ने बताया धरणीधर परिसर को ‘ऑक्सीजन जॉन’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत पहले चरण में पीपल के 111 पौधे लगाए। दूसरे चरण में खेजड़ी के 111 व तीसरे चरण में स्थानीय प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार सावन मास में कुल 500 पौधे रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें नीम, खेजड़ी और बड़ सहित अन्य क्षेत्रीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पौधारोपण की शुरुआत मातृशक्ति ने की और इनकी देखभाल की शपथ भी ली। दुर्गाशंकर आचार्य ने बताया कि गत वर्षों में यहां सैकड़ों पौधे लगाए गए हैं। उनकी नियमित देखभाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में खेजड़ी के पौधे खिलाड़ियों द्वारा लगाए जाएंगे।
इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष नंदकुमार आचार्य, दुर्गा शंकर व्यास, पार्षद किशोर आचार्य, पूर्व महापौर अशोक आचार्य, हिंदू जागरण मंच के संयोजक कैलाश भार्ग, भाजपा युवा मोर्चा के देहात महामंत्री घनश्याम रामावत, जगमोहन आचार्य और मोहन बाहेती सहित महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।














