

बीकानेर
श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। स्वर्णकार सेतु के मुख्य संरक्षक श्री योगेश वर्मा जी बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के नगरसेवक पद पर निर्वाचित होकर नगर निगम में पहुँचे हैं।
उनकी इस जीत को स्वर्णकार समाज की संगठित शक्ति, सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक सहभागिता का सशक्त प्रमाण माना जा रहा है।
समाज के बीकानेर अध्यक्ष श्री मनीष लंबा ने बधाई देते हुए बताया कि मुंबई जैसे देश के सबसे बड़े महानगर की नगर पालिका में स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि का निर्वाचित होना समाज के लिए एक नई पहचान और सम्मान का विषय है। यह उपलब्धि न केवल श्री वर्मा की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे समाज के लिए राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बीकानेर में समाज के युवा अध्यक्ष मदन लावट ने कहा कि स्वर्णकार समाज को पूर्ण विश्वास है कि नगरसेवक के रूप में श्री योगेश वर्मा जी ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास और समाज के कल्याण के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
पत्रकार द्वारका प्रसाद सोनी ने बताया कि श्री योगेश वर्मा जी लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। स्वर्णकार सेतु के माध्यम से उन्होंने समाज को संगठित करने, आपसी संवाद स्थापित करने, सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उनके इसी सेवा-भाव, सरल व्यक्तित्व और जनसंपर्क ने उन्हें जनता का व्यापक समर्थन दिलाया।
इस अवसर पर बीकानेर के श्रवण (रवि) कुकरा, अशोक कुमार सोनी (डांवर), राजेश कुंदन, शिव जी जौड़ा आदि ने कहा कि उनकी जीत की खबर के साथ ही स्वर्णकार समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। समाज के वरिष्ठजनों ने इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
बीकानेर मेढ़ क्षत्रिय सोनी ट्रस्ट भवन रानी बाजार के अध्यक्ष गणेशलाल सहदेवडा ने शुभकामनाएं,बधाईयां प्रेषित की ।
मुंबई से पुरुषोत्तम धूपड़ तथा स्वर्णकार सेतु परिवार की ओर से श्री योगेश वर्मा जी को इस ऐतिहासिक विजय पर हार्दिक बधाई एवं सफल, जनसेवापूर्ण कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की गई हैं।














