






बीकानेर, 28 जनवरी। आसानियों के चौक के भगवान महावीर के मंदिर में बुधवार को जैन श्वेताम्बर पार्श्वचंद्र गच्छ की वरिष्ठ साध्वी श्री पदम प्रभा व सुव्रताश्रीजी के सानिध्य में वार्षिक ध्वजा उत्सव में भगवान महावीर स्वामी, भगवान पार्श्वनाथ व शांति नाथ के मंदिर के शिखर पर नई ध्वजा प्रतिष्ठित की गई। करीब 920 वर्ष प्राचीन प्रतिमाओं के विशेष श्रृंगार किया गया।
जैन श्वेताम्बर पार्श्वचंद्र गच्छ के अध्यक्ष रविन्द्र रामपुरिया ने बताया कि रामपुरिया पिरोल से संध के मंत्री प्रताप रामपुरिया के निवास से गाजे बाजे के साथ ध्वजा को श्री महावीर स्वामी के जिनालय में लाया गया। शुद्धिकरण व विशेष पूजा के बाद लाभार्थी परिवार बंशीलाल, सिद्धकरण व प्रताप रामपुरिया, कमल सिंह, सुनील व प्रशांत रामपुरिया तथा जयचंद लाल, मूलचंद व शांति लाल रामपुरिया परिवार के सदस्यों ने नई ध्वजा प्रतिष्ठित की गई। रामपुरिया ने बताया कि पार्श्वचंद्र महिला मंडल, प्रताप रामपुरिया व पप्पूजी बांठिया ने विभिन्न राग व तर्जों में सतर भेदी पूजा के दौरान भक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिनालय की प्रतिमाओं पर विशेष अंगी की गई।
















