



बीकानेर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान यातायात पुलिस, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री हेमंत कुमार शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री कावेन्द्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा पुलिस उप अधीक्षक यातायात श्री किशन सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत गुरुवार 29 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस बीकानेर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से जूनागढ़ के सामने नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन एवं वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में यातायात पुलिस एवं एनएचएआई के सहयोग से बीकानेर बॉयज स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, वाहन संचालन के नियमों तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, लाल बत्ती पर वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, गलत ओवरटेक से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन न चलाने तथा सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के नियम समझाए गए।
विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने की सख्त समझाइश की गई तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ की भूमिका और सरकार द्वारा दिए जाने वाले प्रोत्साहन व पुरस्कारों की जानकारी भी दी गई।
29 जनवरी को आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस निरीक्षक नरेश निर्वाण प्रभारी यातायात शाखा बीकानेर, पुलिस निरीक्षक कानाराम प्रभारी चल यातायात, हैड कांस्टेबल उम्मेद सिंह, कांस्टेबल जगदीश, विनोद, अजय सहित यातायात पुलिस का स्टाफ एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला बीकानेर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों की छत या सीढ़ियों पर यात्रा न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, बिना सीट बेल्ट व बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, ओवरक्राउडिंग से बचें, भारी वाहनों व जुगाड़ वाहनों में सवारी परिवहन न करें तथा शराब पीकर वाहन चलाने से पूर्णतः परहेज करें।
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों की पालना कर सुरक्षित वाहन चलाने और स्वयं तथा दूसरों की जान की रक्षा करने का आह्वान किया है।















