
बीकानेर। पत्रकार वेलफेयर सोसायटी की ओर से शहर के हरि हेरिटेज में पत्रकार होली स्नेह मिलन समारोह और पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के 21 पत्रकारों को सम्मानित किया गया जिनमें पांच महिला पत्रकार भी शामिल रहीं। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ सुमन्त व्यास तथा राजस्थानी फिल्मों के निर्माता निर्देशक अरविन्द विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने पत्रकारों का सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि बदलते समय के साथ हर क्षेत्र में चुनौतियां बढ़ रही हैं और पत्रकारिता भी इससे अछूती नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कंधों पर समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है। पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसार नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को वर्तमान चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। आजादी के आंदोलन से लेकर आज तक पत्रकारों ने समाज के सजग प्रहरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी कलम का उपयोग जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए ताकि समाज को सही दिशा मिल सके। लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और यह जरूरी है कि पत्रकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाते रहें। उन्होंने बीकानेर की पत्रकारिता परंपरा को देशभर के लिए प्रेरणादायक बताया।
राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ सुमन्त व्यास ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज को जागरूक करने और दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ाते हैं। साथ ही उन्होंने पत्रकारों से पीत पत्रकारिता से दूरी बनाए रखने और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जार के प्रदेशाध्यक्ष श्याम मारू, भवानी जोशी, अनुराग हर्ष और अरविन्द व्यास ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और वर्तमान दौर में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की प्रेरणा दी।
सोसायटी के अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पत्रकारों के सम्मान और आपसी संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन राजा सांखी ने किया जबकि अंत में आभार सचिव उमाशंकर आचार्य ने व्यक्त किया।
समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील बरूआ, संजय पारीक, कुलदीप चारण, आनंद आचार्य, लक्ष्मीनारायण शर्मा, रोशन बाफना, आनंद जोशी, नारायण मत्तड़, राजेश छंगाणी, निखिल स्वामी, महेन्द्र मेहरा, विनोद जोशी, नरेश मारू, गिरिराज भादाणी, अजीम भुट्टा और मनोज व्यास के साथ महिला पत्रकार उषा जोशी, मुदिता पोपली, सुनीता भोजक, डॉ पूजा मोहता और सुमेस्ता विश्नोई का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर गायक राहुल जोशी ने फाल्गुनी गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोगों ने होली के रंगों और फाल्गुनी उमंग का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने आपसी संवाद और सौहार्द के साथ होली स्नेह मिलन का आनंद भी साझा किया।




































