आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व साथिन को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना से किया सम्मानित
*यशोदा पुरस्कार से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 10 सहायिकाओं को किया सम्मानित*
*महिला स्वयं सहायता समूह की 24 महिलाओं को किया लैपटॉप का वितरण*
बीकानेर, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रविन्द्र रंगमंच पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज की वह धुरी हैं, जिनके सशक्त होने से ही समाज प्रगति और देश विकास करता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता का आह्वान करते हुए आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर नीतियों का निर्माण किया है।
उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं को सुनिश्चित कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों और सहायिका के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी से महिलाओं के सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति का प्रत्येक दिन विशेष होता है। उन्होंने कहा कि माताएं ही बच्चों में ऐसे संस्कारों का संचार करती हैं जिससे परिवार की नींव मजबूत होती है। शिक्षित और सशक्त मातृशक्ति पूरे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाती है।
जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से निरंतर आगे बढ़ते रहने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
*आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व साथिन को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना से किया सम्मानित*
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनोज कंवर, आंगनवाड़ी सहायिका मीनू सुथार तथा साथिन विनोद बिश्नोई को 11,000 रुपये की पुरस्कार राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं इसी पुरस्कार के अंतर्गत संस्थागत सम्मान के रूप में उरमूल सेतु संस्था को 7,500 रुपये की पुरस्कार राशि, मोमेंटो और दुशाला प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*यशोदा पुरस्कार से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 10 सहायिकाओं को किया सम्मानित*
अतिथियों ने यशोदा पुरस्कार के अंतर्गत 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं श्रीमती परवीन पठान, श्रीमती भंवरी देवी, कमला देवी, सुमन पारीक, चंद्रकला, गीता देवी, सीता, सीमा देवी, राजबाला, सरोज को 5100-5100 रुपए और 10 सहायिकाओं कंचन, रेखा, केसरबाई, पूजा, संतोष मेघवाल, अंबिका देवी, कौशल्या, सरबती, टाकू देवी, माया देवी को 2100-2100 रुपए देकर सम्मानित किया गया।
*महिला स्वयं सहायता समूह की 24 महिलाओं को किया लैपटॉप का वितरण*
कार्यक्रम में अतिथियों ने राजीविका की ओर से चयनित महिला स्वयं सहायता समूह की 24 महिलाओं डाली देवी, विजय लक्ष्मी, मुन्नी, मुन्नी देवी, मैना देवी, सुमन, बसंती देवी, सुमित्रा, पूनम इत्यादि को लैपटॉप देकर वितरित किए गए। विभागीय योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए प्रचेता श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कोलायत के महिला सुरक्षा सलाह केंद्र की लीगल काउंसलर विजय लक्ष्मी को बाल विवाह शून्यीकरण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं के लिए आयोजित रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को विभागीय योजनाओं से संबंधित डायरी, पेन स्टैंड,फोल्डर, कप आदि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. रंजीत राम कासनिया ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव तथा 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। डॉ. नवल गुप्ता ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मां वाउचर योजना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, निशुल्क दवा योजना तथा निशुल्क सेनेटरी नैपकिन योजना जैसी राज्य सरकार की महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
पीसीपीएनडीटी समन्वयक श्री महेंद्र सिंह चारण ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994, मुखबिर योजना तथा इसके तहत किए गए डिकॉय ऑपरेशन की जानकारी देते हुए कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध समाज से सहयोग की अपील की। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर एडीएम सिटी श्री रमेश देव, सीएमएचओ डॉ. पुखराज, राजीविका डीपीएम श्री दिनेश मिश्रा, आईसीडीएस उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैंकड़ों महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में मंच संचालन सफल संचालन ज्योति प्रकाश रंगा द्वारा किया गया।































