




अपना परिवार सेवा सदन, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 29 महिलाओं को सम्मानित किया
महिला समाज की शक्ति, विकास की आधारशीला – संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा
बीकानेर।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान द्वारा संचालित अपना परिवार सेवा सदन के तत्वावधान में मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, चक गर्बी, बीकानेर में महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 29 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त, विश्राम मीणा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दंतोर विकास पुण्यार्थ ट्रस्ट बीकानेर के अध्यक्ष पूनम चंद बिश्नोई ने की। विशिष्ट अतिथि राजस्थानी फि़ल्म अभिनेता अरविन्द कुमार,दंतौर विकास पुण्यार्थ ट्रस्ट बीकानेर अध्यक्ष पूनम बिश्नोई, सत्य नारायण उपाध्याय,शंकर लाल सारण,के.के. सिंह, डॉ रेणु रेखा सहित अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, खेल, संस्कृति तथा सामाजिक विकास सहित 29 विभिन्न कार्यक्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर, प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने अपने संबोधन में अपना परिवार सेवा सदन के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों की प्रशंषा करते हुए महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान कार्यक्रम की सराहना की। साथ ही कहा कि महिला समाज की शक्ति और विकास की आधारशिला है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से समाज को नई दिशा दे रही हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपना परिवार सेवा सदन, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह के अध्यक्ष रामेश्वरलाल बिश्नोई ने कहा कि आज मातृशक्ति केवल चुल्हे चौके तक सीमित नहीं है। प्रशासनिक सेवा हो या चिकित्सा, शिक्षा सेवा हो या राजनीति का क्षेत्र हर कहीं पर महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। अपना परिवार सेवा सदन मातृशक्ति को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह देकर स्वयं को गौरान्वित महसूस कर रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में संस्थान की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया ।
इनका सम्मान किया
महिला सुरक्षा क्षेत्र में पुलिस थाना मुक्ता प्रसाद की कांस्टेबल श्रीमती सुमन वर्मा, व्यक्तित्व क्षेत्र में मिस मूमल जैसेलमेर सुश्री कुसुम पंवार, सामाजिक कार्य क्षेत्र में पूनम चौधरी, मोनिका जैन, कौशल्या देवी, लक्ष्मी देवी, रजनी शर्मा, मंजू गुलगुलिया, इंदु वर्मा, निर्मला कँवर, गीता नायक, तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नमस्ते भारत से अस्मा नाज, मलिका सपरा, किरण चौधरी, किरण सोनी, जीतेश्री बिश्नोई, यूपीएससी परीक्षा -२०25 में चयनित सुश्री ट्विंकल अरोड़ा,प्रियंका चौधरी ,स्वास्थ्य क्षेत्र में जेठी देवी, सुमन, संगीता बिश्नोई का सम्मान किया गया।


























