
राधाकृष्णा जल सेवा संस्थान द्वारा की जा रही जल सेवा व परोपकार सबसे बड़ा पुण्य कार्य
डॉ सुनील बोथरा व
समाज सेवी इंद्र चंद मोदी
राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा मंडी में मानवता की एक ऐसी मिसाल देखने को मिलती है, जिसने हजारों लोगों के दिलों को छू लिया। यह कहानी है स्वर्णकार समाज के दो समाजसेवियों जोधपुर जिले के छोटे से गांव पड़ासला हाल नोखा निवासी सुरेश सोनी पुत्र कुंभाराम सोनी (सहदेवड़ा) और नोखा उपखंड क्षेत्र के कक्कू गांव हाल नोखा निवासी किशन सोनी पुत्र चतराराम सोनी (भुण) की, जिन्होंने सेवा को ही अपना सबसे बड़ा धर्म बना लिया।
28 मई 2023… भीषण गर्मी का समय था। बागड़ी हॉस्पिटल नोखा में मरीज और उनके परिजन गर्मी से बेहाल थे। कई लोगों को पीने के ठंडे पानी तक की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। ऐसे समय में सुरेश सोनी और किशन सोनी ने ठाना कि अब किसी जरूरतमंद को प्यासा नहीं रहने देंगे। बस यहीं से शुरू हुई “पानी कैंपर सेवा” की प्रेरणादायक शुरुआत।
शुरुआत में रोजाना केवल 24 पानी के कैंपर लगाए जाते थे, लेकिन उनकी सेवा भावना इतनी सच्ची थी कि धीरे-धीरे लोग जुड़ते चले गए। साल 2023 में यह संख्या बढ़कर 70 से 80 कैंपर प्रतिदिन हो गई और अप्रैल 2024 से आज हर दिन करीब 150 से 200 पानी के कैंपर हॉस्पिटल परिसर, मरीजों और उनके परिजनों व वार्डो तक पहुंचाए जाते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सेवा सिर्फ गर्मियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे साल लगातार जारी रहती है।

आज उनकी संस्था में करीब 25 सदस्य दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं, जिनमें हर समाज के लोग शामिल हैं। यह केवल पानी की सेवा नहीं, बल्कि इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल बन चुकी है। संस्था के सदस्यों ने एक बार 3 क्विंटल दही की लस्सी बनाकर भी लोगों की सेवा की, जिसकी पूरे नोखा क्षेत्र में खूब चर्चा हुई।
सुरेश सोनी और किशन सोनी सिर्फ पानी सेवा तक सीमित नहीं हैं। ये दोनों कई बार रक्तदान कर चुके हैं और हर सामाजिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए सुरेश सोनी को 26 जनवरी 2024 को तथा किशन सोनी को 26 जनवरी 2026 को राजकीय मुख्य समारोह में नोखा उपखंड अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष नोखा सहित मेहमानों द्वारा उत्कर्ष सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा भी कई संस्थाओं द्वारा इन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
आज सुरेश सोनी और किशन सोनी ने यह साबित कर दिया कि इंसान बड़ा अपने पैसे से नहीं, बल्कि अपने कर्मों, सेवाभाव व परोपकार से बनता है। इनकी कहानी हर युवा को यह प्रेरणा देती है कि अगर दिल में सेवा का जज्बा हो, तो एक छोटी शुरुआत भी हजारों लोगों के लिए राहत और उम्मीद बन सकती है।
“जहां लोग अपने लिए जीते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो दूसरों की प्यास बुझाकर अपनी जिंदगी सफल बना लेते हैं… और सुरेश सोनी व किशन सोनी उन्हीं लोगों में से एक हैं।”
जिला अस्पताल नोखा के प्रभारी डॉ सुनील कुमार बोथरा व राजस्थान पेंशनर समाज नोखा के अध्यक्ष इंद्र चंद मोदी ने दोनों स्वर्णकार बंधुओ सहित राधाकृष्णा जल सेवा संस्थान के द्वारा की जा रही कैम्पर जल सेवा व परोपकारी कार्य की प्रसंसा करते हुवे संस्था को धन्यवाद दिया।














