नोखा में भव्य शोभायात्रा के साथ भागवत कथा हुई सम्पन्न कथा व्यास जी की हुई सर्वत्र सराहना भामाशाहों ने गौ सेवाार्थ दिल खोलकर दिया धन अर्केश्वर महादेव परिवार के सौजन्य से 7 लाख रुपए
नोखा। यहाँ कान्हा गौ सेवा समिति व अर्केश्वर महादेव शिवालय परिवार द्वारा चाण्डक भवन में 25 मई से आयोजित हो रही श्रीमद् भागवत कथा रविवार 31 मई को सम्पन्न हो गई। कथा के सातवें दिन रविवार को व्यास पीठ पर विराजित नोखा के विद्वान पंडित महावीर महाराज पंचारिया ने द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, नव योगेश्वर संवाद, 24 गुरुओं की कथा और परिक्षित मोक्ष की कथा का ज्ञान अमृत पान हजारों की तादाद में उपस्थित नर-नारी श्रोताओं को करवाते हुए उन्हें भाव विभोर कर दिया।
महाराज ने दान पुण्य और गौ सेवा को बहुत बहुत बड़ा पुण्य बताते हुए कहा मनुष्य को दान पुण्य करना चाहिए। महाराज ने कहा कि मानव मात्र को किसी से लिया गया ऋण वापस नही चुकाने पर नर्क में जाना पड़ता है। महाराज द्वारा कृष्ण सुदामा मिलन की मार्मिक कथा को विस्तार से सुनाये जाने के दौरान अनेकों श्रद्धालुओं की आंखें भर आई।
इसी दौरान जसवंतगढ़ के झांकी कलाकार बाबूलाल द्वारा कृष्ण सुदामा मिलन की अतिसुन्दर मनमोहक झांकी में भगवान कृष्ण की रानियों रूक्मणी, सुदामा और द्वारपालों के माध्यम से अभिनय किया गया। इसी दौरान भजन गायक कलाकार द्वारा— ‘अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो तुम्हारे दर पे सुदामा गरीब आया है’ भजन से श्रोतागण मंत्र मुग्ध हो गये।
महाराज ने नवयोगेश्वर संवाद और 24 गुरुओं की कथा सुनाई। भागवत कथा के अंतिम सातवें दिन गौ सेवाार्थ झोली फैलाई गई। श्रोताओं ने झोली भर दी। अर्केश्वर महादेव परिवार से जुड़े इन्द्रचन्द मोदी ने प्रेस नोट जारी कर करके बताया कि कथा के दौरान भामाशाहों ने दिल खोलकर गौ सेवाार्थ धन दिया। तहसील परिसर स्थित अर्केश्वर शिवालय के ब्रह्मलीन पुजारी रामकिशन महाराज पंचारिया की गौ सेवार्थ प्रेरणा का पालन करते हुए उनकी याद में अर्केश्वर महादेव परिवार के साधकगणों के सौजन्य से 7 लाख रूपये गौ सेवाार्थ दिये गये। सातवें दिन कथा में सलोचन देवी-पवन जी बजाज, एडवोकेट अर्चना राकेश व्यास और जशोदा देवी कमल कोठारी मुख्य श्रोता यजमान रहे व डेनाईट स्वीट अशोक लाहोटी और गणेश पूनम नागल नोखा मुंबई द्वारा श्रोताओं को प्रसाद वितरण किया गया।
कथा समापन पर भागवत कथा में सभी प्रकार का सहयोग देने वालों कार्यकर्ताओं, भामाशाहों, विभिन्न संस्थाओं, साजवादकों, झांकी कलाकार, भजन गायक आदि सभी का स्वागत सत्कार किया गया। भागवत कथा आयोजकों की ओर से कथा व्यास महावीर जी महाराज पंचारिया नोखा व उनके सहयोगियों व नर-नारी श्रोताओं, भामाशाहों का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कथा व्यास जी ने सब को आशीर्वाद दिया। तत्पश्चात गाजे बाजे सहित विशाल शोभा यात्रा निकाली गई।
कथा व्यासजी की हुई सर्वत्र सराहना।





















