जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक
बीकानेर, 2 जून। देश में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक संख्या दुपहिया वाहनों की है। यह जानकारी आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ श्री पंकज मेहरा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक से पूर्व हुई ऑनलाइन कार्यशाला में दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी में निर्मित नए ट्रैफिक पार्क को पूर्ण करने, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने, स्कूलों में ट्रैफिक जागरूकता शिविर आयोजित करने, सभी टोल नाकों पर नियमित आई चेकअप कैंप लगाने तथा अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए।
*ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश*
बैठक में एनआईसी डीआरएम श्री महेश कुमार शर्मा ने जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स की जानकारी देते हुए बताया कि रायसर-बीकानेर रोड के पांच किलोमीटर क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों में 22 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मृत्यु हुई तथा 15 व्यक्ति घायल हुए। इसी प्रकार उदयराम फांटा, हियांदेसर फांटा और नापासर चौराहे पर भी गंभीर सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर रोड पर डिवाइडर में बने 33 कटों में से 21 कट बंद किए जाने से दुर्घटनाओं में कमी आई है। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*पीएम राहत योजना से मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार*
जिला कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री राहत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टोल नाकों पर योजना संबंधी होर्डिंग्स लगाने को भी कहा। आईरैड डीआरएम श्री महेश कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 13 फरवरी 2026 को प्रारंभ की गई इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के प्रत्येक पीड़ित को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पैनल अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक है।
*15 दिन में शुरू होगा नया ट्रैफिक पार्क*
जिला कलेक्टर ने आरएसआरडीसी अधिकारियों को मुरलीधर व्यास कॉलोनी में निर्मित ट्रैफिक पार्क का काम आगामी 15 दिनों में शुरू करने तथा इसे शीघ्र परिवहन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित विजिट कराकर उनमें यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित की जाए।
*टोल नाकों पर नियमित होंगे आई चेकअप कैंप*
बैठक में चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी टोल नाकों पर प्रत्येक माह वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि पिछले माह आयोजित शिविर में 56 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई तथा 12 व्यक्तियों को चश्मे वितरित किए गए।
*स्कूलों में बढ़ेगी ट्रैफिक जागरूकता*
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्री किशन दान चारण ने बताया कि जिले की 563 विद्यालयों में ट्रैफिक क्लब गठित किए जा चुके हैं। जिला कलेक्टर ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच करने तथा विद्यालयों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा।
*अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश*
जिला कलेक्टर ने नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण को शहर में लगे अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नाल रोड पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा जालियों की तत्काल मरम्मत करवाने तथा ईडार पोर्टल की लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डीटीओ श्रीमती भारती नाथानी ने बताया कि गत माह 124 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए। बैठक में एसई पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता श्री विमल गहलोत, डीटीओ श्रीमती भारती नथानी,डिप्टी सीएमएचओ डॉ लोकेश गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्री किशन दान चारण, ट्रैफिक इंस्पेक्टर श्री नरेश निर्वाण, पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता श्रीमती संजू शेखावत, श्री मनोज कुमार दुबे, अधिशाषी अभियंता एनएच श्री हनुमान रतनू, श्री अंकित कुमार, एनएचएआई से श्री सुधीर बराला, श्री आर.एन.सिंह, सुश्री श्रेया सिंह, श्री सुरेश सिंह, सहायक अभियंता श्री गोपी किशन तंवर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















