
बीकानेर, 2 जून। ग्राम गुसाईसर में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीकानेर डॉ. सुनील जैन ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
डॉ जैन ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय सर्वाइकल कैंसर के बारे में जानकारी दी। डॉ. जैन ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाधिक पाया जाने वाला कैंसर सर्वाइकल कैंसर है, जो गर्भाशय ग्रीवा से संबंधित होता है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए राज्य सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह टीका पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रत्येक पात्र बालिका को इसका लाभ अवश्य लेना चाहिए। डॉ. जैन ने टीकाकरण के लाभों एवं टीका नहीं लगवाने की स्थिति में संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की भी जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।
डॉ. जैन ने बताया कि यदि क्षेत्र की पात्र बालिकाओं की लाइन लिस्ट तैयार कर ली जाती है तो गुसाईसर में शीघ्र ही विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित कर सभी किशोरियों को टीका लगाया जाएगा।
डॉ. जैन ने गर्मी के मौसम में लू एवं तापघात से बचाव के उपाय बताते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने तथा निर्जलीकरण से बचाव के लिए सावधानियां बरतने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि लू अथवा तापघात से ग्रसित व्यक्ति को तत्काल छायादार स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना चाहिए तथा आवश्यकता होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।














