Bikaner Live

उत्तर पश्चिम रेलवे पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं

मोबाइल ऐप रेलवन यात्रियों के बीच बड़ी तेजी से हो रहा लोकप्रिय  
                                                                                                                      रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर और तेज सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल भुगतान व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया गया है। इसके साथ ही रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहुउपयोगी डिजीटल प्लेटफॉर्म “रेलवन ऐप” उपलब्ध करवाई गई है।  यह ऐप रेलवे से जुड़ी विभिन्न जानकारियों और सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे टिकट, पार्सल, रिटायरिंग रूम, गुड्स तथा अन्य सेवाओं के भुगतान के लिए ऑनलाइन डिजिटल पेमेंट का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारों को कम करने और ”डिजिटल इंडिया“ अभियान को मजबूत बनाने के लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों, पार्सल कार्यालयों, फुड स्टॉल तथा अन्य सेवा केंद्रों पर डायनामिक क्यूआर कोड आधारित भुगतान प्रणाली लागू है। इससे यात्री अब टिकट खिड़की पर ही आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं, जिससे समय की बचत होने के साथ सुविधा भी बढ़ी है।   प्रमुख स्टेशनों के आरक्षण टिकट काउंटरों पर पीओएस मशीनों के माध्यम से पहले से ही डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त कई स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के जरिए भी यात्री डिजिटल माध्यम से अनारक्षित टिकट प्राप्त कर रहे हैं। इस भुगतान प्रणाली से खुले पैसे की समस्या समाप्त हो रही है तथा यात्रियों को कम समय में पारदर्शी और सुरक्षित टिकट सेवा मिल रही है।  यात्री अब पेटीएम, गूगल पे और फोनपे जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसानी से भुगतान कर रहे हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों तथा पार्सल कार्यालयों में क्यूआर कोड सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे डिजिटल लेनदेन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

साथ ही भारतीय रेल का मोबाइल ऐप रेलवन यात्रियों के बीच बड़ी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। रेलवन ऐप की शुरुआत पिछले साल जुलाई में हुई थी। रेलवन ऐप यात्रियों के लिए वन स्टाप सोल्यूशन के रूप में विकसित की जा रही है। इसका उपयोग कोई भी यात्री जिसके पास स्मार्टफोन है वह बडी आसानी से इसको उपयोग में ले सकता है।

डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, रेलवन ऐप पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से रेलवे के अनारक्षित टिकट बुक करने पर 03 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह प्रावधान आर-वॉलेट को छोड़कर रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करने और डिजिटल भुगतान करने पर लागू है। रेलवन ऐप पर आर-वॉलेट के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने की स्थिति में, 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक के रूप में प्रदान करने की वर्तमान प्रणाली जारी रहेगी। उपर्युक्त 3 प्रतिशत छूट का प्रस्ताव 14.01.2026 से 14.07.2026 की अवधि के दौरान लागू रहेगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए सोशल मीडिया, जागरूकता अभियानों और रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। रेल का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। यात्रियों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान का उपयोग करें और भारतीय रेलवे के ”डिजिटल इंडिया“ एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली रिटर्निंग अधिकारियों और विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों-सहप्रभारियों की बैठक अब तक की प्रगति की ली जानकारी, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गंभीरता से कार्य करने के दिए निर्देश

Read More »

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने देशनोक में श्री करणी मंडल भवन में प्रधान चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन राजनीतिक खींचतान से ऊपर उठकर विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को मिले प्राथमिकता : अंशुमान सिंह भाटी

Read More »
error: Content is protected !!