Bikaner Live

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के तत्वावधान में गौसेवा, वृक्षारोपण एवं स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन



बीकानेर, 3 अगस्त। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा रविवार को सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं संगठनात्मक एकता को समर्पित तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इन आयोजनों में शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में जयपुर–जोधपुर बाईपास स्थित उदयराम यादव गौशाला में नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में लगभग 500 गौमाताओं की सेवा की गई तथा 501 पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद पारख सहित ट्रस्ट की पूरी टीम एवं जैन कॉलेज 1992–95 बैच के साथियों ने श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया। गौशाला संचालक एवं सरपंच श्री हेमंत यादव के अथक प्रयासों से उजाड़ भूमि को पौधारोपण योग्य बनाया गया। उनके इस उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्री नरेश चुग द्वारा 501 पौधे भेंट किए गए, जिनका गौशाला की लगभग चार बीघा भूमि पर रोपण किया गया। गौसेवा कार्यक्रम के लाभार्थी श्री रितेश कोचर परिवार रहे। उनकी ओर से उनके सुपुत्र हाद्य कोचर कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जिन्हें सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया।

इसके पश्चात केएमआर रिसोर्ट में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल का बहुप्रतीक्षित स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह आत्मीयता, सौहार्द एवं उत्साह का अनूठा संगम रहा, जहाँ उद्योगपतियों एवं व्यापारियों ने आपसी संवाद, परिचय एवं विचार-विमर्श के माध्यम से संगठनात्मक एकता को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया।

दोपहर में सभी सदस्यों के लिए हाई-टी का आयोजन किया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों ने स्विमिंग पूल में स्नान का आनंद लिया तथा मैत्री क्रिकेट मैच में भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। सायंकाल आयोजित म्यूजिकल नाइट कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। प्रसिद्ध गायक भँवर अली ने अपनी मधुर एवं शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके गीतों पर उपस्थित उद्योगपति, व्यापारी एवं उनके परिवारजन देर रात तक झूमते रहे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने स्नेह मिलन समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का समापन स्नेहपूर्ण रात्रिभोज (डिनर) के साथ हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र (डीआईसी) की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा, गंगाशहर के सीओ हिमांशु शर्मा तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ग्रामीण) बी.एल. मीणा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं संगठनात्मक एकता की दिशा में किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि मंडल केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण एवं गौसेवा जैसे कार्यों को भी अपनी प्राथमिकता मानता है। उन्होंने सभी सदस्यों से समाजहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन किशन लोहिया ने किया। अंत में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, सदस्यों, सहयोगी संस्थाओं, नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट, उदयराम यादव गौशाला परिवार तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल भविष्य में भी सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसंवर्धन एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सुप्रसिद्ध गोगामेडी मेले में व्यवस्थाओं को लेकर रेल अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

Read More »
error: Content is protected !!