बीकानेर, 4 अगस्त। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में मंगलवार को अग्निशमन ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान में प्रशिक्षण ले रहे लगभग 100 प्रशिक्षणार्थियों को अचानक आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित रूप से कार्य करने की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अग्निशमन हेतु उपयोग में लिए जाने वाले विभिन्न उपकरणों तथा उनके सही उपयोग की विधि के बारे में भी प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री रूपेश शर्मा ने बताया कि समय-समय पर आरसेटी में इस प्रकार की मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता है, ताकि सभी प्रशिक्षणार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके तथा किसी भी प्रकार की अचानक होने वाली दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही किसी भी दुर्घटना से बचाव का सबसे कारगर उपाय है, और संस्थान अपने प्रशिक्षणार्थियों की सुरक्षा को लेकर सदैव सजग रहता है।
इस अवसर पर रवि एवं कमल द्वारा अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) प्रस्तुत किया गया, जिसे प्रशिक्षणार्थियों ने बारीकी से देखा और समझा। कार्यक्रम आयोजन में शशिबाला, केशव, सरिता सहित अन्य कर्मचारियों ने अपने पूर्व निर्धारित दायित्वों का निर्वहन किया।












