Bikaner Live

बीकानेर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 2.432 किलो अफीम जब्त, तीन स्थायी वारंटी गिरफ्तार

बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने अपराधियों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओर 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर नोखा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थायी वारंटियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
नाल थाना पुलिस की बड़ी सफलता, 2 किलो 432 ग्राम अफीम बरामद
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान विकास पुत्र मांगीलाल (19 वर्ष), निवासी दयासागर, थाना फलोदी, जिला फलोदी के कब्जे से 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, नाल थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और यह एक माह के भीतर इस प्रकार की लगातार पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई थाना प्रभारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की, जबकि मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी गई है।
नोखा थाना पुलिस ने तीन स्थायी वारंटी दबोचे
दूसरी कार्रवाई में नोखा थाना पुलिस ने पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान लंबे समय से फरार तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभूराम (35), भगवानाराम (28) तथा लक्ष्मणराम उर्फ लक्ष्मणराम (30) निवासी जेसलसर के रूप में हुई है। तीनों न्यायालय में विचाराधीन मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेसलसर गांव से गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान अब तक नोखा थाना पुलिस कुल 10 स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण कर चुकी है। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!