Bikaner Live

बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आरबीजी गैंग के 24 बदमाश गिरफ्तार, दो अवैध पिस्टल, 29 कारतूस और 7 वाहन जब्त



बीकानेर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने चूरू जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरबीजी गैंग के सक्रिय सदस्यों सहित कुल 24 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो अवैध देशी पिस्टल, तीन मैगजीन, 29 जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले सात वाहन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश के निर्देशन एवं चूरू जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को सूचना मिली थी कि आरबीजी गैंग के सदस्य अपने प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला की हत्या की योजना बनाकर भारी संख्या में हथियारों और वाहनों के साथ एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस की भनक लगते ही कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, जिन्हें बाद में तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर दो आरोपियों से .32 बोर की देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा अन्य आरोपी से 7.65 बोर की देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गैंग के सदस्य हैं और हत्या की नीयत से हथियार लेकर आए थे।

पुलिस ने इस पूरे अभियान में कुल दो देशी पिस्टल, तीन मैगजीन, 29 जिंदा कारतूस, छह बोलेरो कैंपर और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई शातिर अपराधी शामिल हैं, जिन पर हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, मारपीट, अपहरण, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें कुछ आरोपी हिस्ट्रीशीटर भी हैं।

बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी, गैंगवार या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!