बीकानेर। बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर दवा कारोबार से जुड़े नए सरकारी नियमों का विरोध किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि एनआरएक्स दवाओं की बिक्री एवं ई-स्टॉक सिस्टम से जुड़े नए प्रावधान व्यवहारिक नहीं हैं। इनके लागू होने से दवा व्यापार प्रभावित होगा और मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराने में भी परेशानी हो सकती है।
संघ के सचिव नीरज तिवारी ने कहा कि दवा व्यापार में पारदर्शिता का स्वागत है, लेकिन नियम ऐसे होने चाहिए जिनका व्यवहारिक रूप से पालन किया जा सके। वर्तमान प्रावधानों से व्यापारियों के साथ-साथ मरीजों को भी अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने कहा कि दवा व्यापारी पहले से ही ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट सहित सभी वैधानिक नियमों का पालन कर रहे हैं। नए प्रावधानों से विशेषकर छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त प्रशासनिक बोझ बढ़ेगा।
महासचिव सचिन गुप्ता ने बताया कि इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर भी उठाया गया है। राजस्थान के सभी जिला दवा विक्रेता संघों के सहयोग से इसे राज्य एवं केंद्र सरकार के समक्ष रखा जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी।
प्रेसवार्ता में महावीर पुरोहित, जगदीश चौधरी, सचिन गुप्ता, नीरज तिवारी, आनंद सारस्वत, शिवशंकर गेहलोत, रायमल भादू, सुरेश कुमार आचार्य सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।











