बीकानेर। बीकानेर की पारंपरिक लघु चित्रकला को नई पहचान दिलाते हुए वरिष्ठ कलाकार राजू स्वामी ने अनूठा रिकॉर्ड बनाया है। उनके एक बरगद के लघुचित्र में हाथ से बनाए 17,480 पत्तों को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक मान्यता दी है।
यह चित्र मात्र 3×4 इंच का है। प्रत्येक पत्ता प्राकृतिक रंगों और गिलहरी के बालों से बने महीन ब्रश से नंगी आंखों से, बिना किसी उपकरण के बनाया गया है। यह प्रयास 10 अक्टूबर 1999 को किया गया था, जिसे सितंबर 2026 में रिकॉर्ड मान्यता मिली।
उनकी एक कृति “14675 Leaves” 2022 में नीदरलैंड्स के De Zwaan में और “A Peacock and Squirrels in a Tree” 2021 में लंदन के Roseberys में नीलाम हो चुकी है। वे कपड़ा मंत्रालय द्वारा सरकारी पंजीकृत शिल्पकार भी हैं।

18 फरवरी 1967 को बीकानेर में जन्मे राजू स्वामी ने प्रशिक्षण पिता गोर्धन दास स्वामी से लिया। वे तीन दशक से बीकानेर स्कूल ऑफ मिनिएचर पेंटिंग के संरक्षण में जुटे हैं। उनकी कृतियां 1995 में अमेरिका के Hunt Institute, 1997 में पेरिस की Gallery Lafayette और 2012 में नई दिल्ली के IIC में प्रदर्शित हो चुकी हैं। उनकी मूल कृतियां प्राचीना म्यूजियम जूनागढ़ में भी हैं।
यह मूल पेंटिंग आज भी राजू स्वामी के पास सुरक्षित है, जिसे कीर्ति स्तंभ, लालगढ़ पैलेस रोड स्थित ‘स्वामी आर्ट’ स्टूडियो में देखा जा सकता है।














