
बीकानेर, 15 सितम्बर। विकसित भारत–2047 की परिकल्पना को साकार करने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD–2027) अभियान के तहत मंगलवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर में जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मेडिकल विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के सह संयोजक श्री गोपाल जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे नवाचार, अनुसंधान और मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करते हुए समाज के उत्थान और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।संयोजक श्री प्रशांत जोशी ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की तकनीकी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया तथा VBYLD–2027 अभियान में सहभागिता के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्रीय युवा अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन की टीम के सदस्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्री दीपक जोशी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के स्वास्थ्य, जागरूकता और विकास के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की फैकल्टी सावित्री एवं आनंद राजपुरोहित ने भी विद्यार्थियों को विकसित भारत–2047 के लक्ष्य में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की टीम से दीपक जोशी, रामकिशन चौधरी और हरिहर राजपुरोहित उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेडिकल विद्यार्थियों ने भाग लिया और माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर विकसित भारत–2047 के अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।














