बीकानेर, 16 सितंबर।शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। नत्थूसर गेट के बाहर, बिन्नाणी कॉलेज से पहले 6 नंबर डिस्पेंसरी के पास अचानक बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया।
चपेट में साइकिल से स्कूल जा रहा 11 साल का *शिवम चौधरी* आ गया। वह एम.एम. स्कूल का छात्र है और अपने एक साथी के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी खंभा उस पर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोगों ने छात्र को संभाला और उपचार के लिए भिजवाया।
*जर्जर पोलों को लेकर आक्रोश*
हादसे के बाद बिजली कंपनी और प्रशासन के खिलाफ लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई पोल लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, लेकिन समय रहते मरम्मत या बदलने की कार्रवाई नहीं हुई। शहर के कई इलाकों में ऐसे खस्ताहाल खंभे बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घायल छात्र के इलाज में हरसंभव मदद दी जाए और शहरभर में जर्जर पोलों का तत्काल सर्वे कर उन्हें बदला जाए।

















