
बीकानेर, 19 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत शनिवार को पंचायत समिति मुख्यालय पूगल पर शिविर आयोजन किया गया।
शिविर में इब्राहीम, फतूखां पुत्रगण फैजूखां व बाबुदीन पुत्र अल्लादीन ने आपसी सहमति नही बन पाने से वर्षों से लंबित खाता-विभाजन का प्रकरण सामूहिक रूप से तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रार्थियों की भूमि चक 6 एडी के मु.नं. 35/22 व 35/30 कुल रकबा 7.1317 हैक्टयर भूमि में प्रार्थी इब्राहिम का हिस्सा 1/6, फतूखां का हिस्सा 1/6. बाबूदीन उर्फ बी.डी का हिस्सा 2/3 संयुक्त रूप से दर्ज रिकॉर्ड था।
तहसीलदार, पूगल ने तुरन्त कार्यवाही करते हुए राजस्व विभाग के पटवारी व भू-अभिलेख निरीक्षक से राजस्व रिकॉर्ड एवं अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार सभी पक्षो की सहमति एवं विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए खाता-विभाजन की कार्यवाही पूर्ण की।
खाता-विभाजन होने से अब सभी काश्तकार अपनी भूमि पर स्वतंत्र रूप से कृषि कार्य कर सकेंगें तथा भविष्य में नामान्तरकरण, बैंक लोन, फसल बीमा एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्य बिना किसी विवाद के संपादित कर सकेगें। प्राथीगण ने खाता-विभाजन के उपरान्त तहसीलदार का आभार व्यक्त किया।















