मौके पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू कर लाभार्थी को राहत पहुंचाई
एक छत के नीचे 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध, ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
बीकानेर, 19 सितंबर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायत समिति बज्जू खालसा में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया।शिविर के दौरान 22 विभागों द्वारा संपादित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे एक ही छत के नीचे उपलब्ध विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
*मौके पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू कर लाभार्थी को राहत*
शिविर में गज्जेवाला निवासी श्री बनवारीलाल पुत्र सूरजाराम बिश्नोई की सामाजिक सुरक्षा पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई थी, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में प्रार्थी ने अपनी समस्या रखी। शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी श्री सांवरलाल रैगर,विकास अधिकारी श्री बीरपाल सिंह एवं तहसीलदार श्री रमेश कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर ही प्रार्थी की पेंशन चालू करवाई।
इस प्रकार प्रार्थी को राज्य सरकार द्वारा आयोजित जन-कल्याण शिविर के माध्यम से तत्काल राहत मिली। प्रार्थी ने विकसित भारत-जन सेवा अभियान के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया गया। अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के लिए सुगम एवं सुलभ बनाते हुए सशक्त ग्राम, समृद्ध राजस्थान और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करना है।
शिविर की थीम “एक छत के नीचे—22 विभाग, सुलभ सुविधाएं” रही। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाना रहा।
















