शिविर में भूमि खाते का विभाजन कर 12.50 हेक्टेयर भूमि का किया गया समाधान
बीकानेर, 19 सितंबर । राज्य सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायत समिति बज्जू खालसा में “एक छत के नीचे—22 विभाग, समस्त सुविधाएं” थीम पर जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाना रहा।
*भूमि खाते के विभाजन की समस्या का मौके पर समाधान*
शिविर में श्री विनोद कुमार पुत्र जीवनराम, जाति बिश्नोई, निवासी फूलासर छोटा द्वारा 25 केडब्ल्यूडी की कुल 50 बीघा भूमि के खातेदारी विभाजन में आपसी सहमति नहीं बनने के कारण आ रही परेशानी की जानकारी दी गई। प्रकरण में शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी श्री सांवरलाल रैगर , विकास अधिकारी श्री बीरपाल सिंह एवं तहसीलदार श्री रमेश कुमार द्वारा समझाइश कर खाते के विभाजन के बाद होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी गई।
अधिकारियों की समझाइश के बाद सहमति बनने पर 12.50 हेक्टेयर भूमि का खाता विभाजन किया गया। इससे लाभार्थी की भूमि संबंधी समस्या का समाधान हुआ तथा उन्हें राहत मिली।
शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान किया गया। लाभार्थियों ने विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित जन-कल्याण शिविरों के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान 22 विभागों द्वारा संपादित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें शिविर में उपलब्ध समस्त सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
















