बीकानेर। पीबीएम परिसर में राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) बीकानेर की बैठक जिलाध्यक्ष गोरधन राम जाट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में फार्मासिस्ट हेतराम कासनिया, दीपक छगाणी, अभिमन्यु सिंह, बृजेन्द्र देवरा, तेज प्रकाश बालोटिया, लोकेश आचार्य, सोम प्रकाश, पारुल शर्मा, मो. शाकिर, कैलाश जनागल, फारुक अली पंवार, संदीप बंसल सहित कई फार्मासिस्टों ने अपने विचार रखे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के समस्त फार्मासिस्टों की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 25 सितंबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक ब्लड बैंक, पीबीएम हॉस्पिटल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। शाम 4 बजे से 9 बजे तक कृष्णगण बैंक्वेट एंड गार्डन, जयपुर रोड, बीकानेर में सेमिनार का आयोजन होगा। जिलाध्यक्ष गोरधन राम जाट ने बताया कि सेमिनार में मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा वितरण योजना का लाभ किस प्रकार मरीजों तक अधिक से अधिक पहुंचाया जा सके, इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही फार्मासिस्टों की भूमिका और दायित्वों पर भी मंथन होगा।












